गौतमबुद्धनगर: रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन, 910 किलो पनीर और 160 किलो मिठाई नष्ट; 40 नमूने जांच को भेजे

0 18

 

गौतमबुद्धनगर: आगामी रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए गौतमबुद्धनगर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरी और अस्वास्थ्यकर खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। 22 अगस्त से अब तक विभाग ने खाद्य पदार्थों के कुल 40 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। इस दौरान प्रथमदृष्टया मिलावटी या प्रदूषित पाए गए 910 किलोग्राम पनीर, 160 किलोग्राम मिठाई और 125 किलोग्राम अन्य खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई है। वहीं, 100 किलोग्राम बूंदी को सीज किया गया है।

जेवर टोल प्लाजा पर पनीर और टोफू की जांच
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि 25 अगस्त की रात खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ओपी सिंह और महेंद्र प्रताप सिंह की टीम ने जेवर टोल प्लाजा पर विष्णु मिल्क प्रोडक्ट्स, हाथरस के पनीर वाहन से पनीर का नमूना लिया। इसके अलावा रबूपुरा-जेवर क्षेत्र के निवासी तंजीम के वाहन से टोफू का नमूना संग्रहित किया गया। कार्रवाई के दौरान करीब 125 किलोग्राम सामग्री नष्ट कराई गई।

मिठाई की दुकान पर भी हुई कार्रवाई
26 अगस्त को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों मुकेश कुमार और विजय बहादुर की टीम ने अजय डेरी, इगलास-अलीगढ़ के पनीर वाहन से पनीर का नमूना लिया। वहीं, दिल्ली से मेवात निर्मित करीब 60 किलोग्राम पनीर दनकौर स्थित अर्श डेरी के लिए ले जाया जा रहा था। उसमें से नमूना लेने के बाद शेष सामग्री नष्ट करा दी गई।

इसी दिन खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमर बहादुर सरोज की टीम ने भंगेल, नोएडा स्थित अग्रवाल स्वीट से पनीर का नमूना तथा याकूबपुर, सेक्टर-85 स्थित बृजवासी स्वीट सेंटर से गुलाब जामुन का नमूना लिया। अस्वास्थ्यकर स्थिति में रखे करीब 60 किलोग्राम गुलाब जामुन को मौके पर नष्ट कराया गया।

अब तक 40 नमूने जांच के लिए भेजे
रात में डेटा खुर्द, अलीगढ़ से सप्लाई के लिए लाए जा रहे पनीर के वाहन से तुगलपुर, ग्रेटर नोएडा में भी पनीर का नमूना लिया गया। अधिकारियों के मुताबिक 25 और 26 अगस्त की कार्रवाई में कुल 7 नमूने लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। रक्षाबंधन के मद्देनजर 22 अगस्त से अब तक कुल 40 खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे जा चुके हैं।

मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान जारी
विभाग के मुताबिक अभियान के दौरान अब तक 910 किलोग्राम पनीर, 160 किलोग्राम मिठाई और 125 किलोग्राम अन्य खाद्य सामग्री प्रथमदृष्टया मिलावटी या प्रदूषित पाए जाने पर नष्ट कराई गई है। इसके अलावा 100 किलोग्राम बूंदी सीज की गई है।

आगे भी जारी रहेगी जांच
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि जनपद में आगे भी खाद्य पदार्थों की जांच का अभियान जारी रहेगा। विभाग का उद्देश्य रक्षाबंधन पर्व के दौरान लोगों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शुद्ध एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य और पेय पदार्थ उपलब्ध कराना है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.