गाजियाबाद में AC सर्विस सेंटर में भीषण आग, धमाकों से दहला इलाका; गैस सिलेंडर और कंप्रेसर फटने से मचा हड़कंप, बुजुर्ग की मौत
गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। पटेल नगर स्थित एक एयर कंडीशनर सर्विस सेंटर में भीषण आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भयानक थी कि अंदर रखे एसी गैस सिलेंडर और कंप्रेसर लगातार धमाकों के साथ फटते रहे। हादसे में एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई वाहन जलकर राख हो गए।
रात 3 बजे मिली आग लगने की सूचना
जानकारी के मुताबिक सुबह करीब 3 बजकर 5 मिनट पर फायर विभाग को पटेल नगर के प्लॉट नंबर एफ-87 स्थित एयर कंडीशनर सर्विस सेंटर में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन कोतवाली से अग्निशमन अधिकारी और कई दमकल गाड़ियां मौके पर रवाना की गईं।
मौके पर पहुंची फायर टीम ने देखा कि तीन मंजिला इमारत पूरी तरह आग की चपेट में थी। आग के कारण इमारत के अंदर रखे गैस सिलेंडर और एसी कंप्रेसर लगातार विस्फोट कर रहे थे।
धमाकों और काले धुएं से दहशत में आए लोग
घनी आबादी वाले इलाके में लगी इस आग ने आसपास के लोगों में दहशत फैला दी। चारों तरफ ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार दिखाई दे रहा था। लगातार हो रहे धमाकों से इलाके में हड़कंप मच गया और आग के आसपास की इमारतों तक फैलने का खतरा पैदा हो गया।
आठ दमकल गाड़ियों ने घंटों बाद पाया काबू
फायर विभाग की टीम ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए चार हौज पाइप के जरिए आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की गंभीरता को देखते हुए वैशाली, साहिबाबाद और मोदीनगर फायर स्टेशन से भी अतिरिक्त दमकल गाड़ियां बुलानी पड़ीं।
करीब आठ दमकल गाड़ियों की मदद से कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।
दो कार और 10 बाइक जलकर राख
इस भीषण आग में पूरी बिल्डिंग को भारी नुकसान पहुंचा है। आग की चपेट में आने से दो कारें और करीब दस मोटरसाइकिलें जलकर पूरी तरह राख हो गईं।
फायर टीम के सर्च ऑपरेशन के दौरान भूतल पर एक बुजुर्ग व्यक्ति मृत अवस्था में मिले। उनकी पहचान करीब 80 वर्षीय त्रिलोकी नाथ के रूप में हुई है।
आग के कारणों की जांच शुरू
बताया जा रहा है कि एयर कंडीशनर सर्विस सेंटर का मालिक ओंकार तोमर है। फिलहाल पुलिस और फायर विभाग की टीम आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग इस हादसे से सहमे हुए हैं।