राजामौली की मेगा फिल्म ‘वाराणसी’ का ग्लोबल डेब्यू, अमेरिका में पहली बार दिखेंगी खास झलकियां; महेश बाबू और प्रियंका चोपड़ा संग बढ़ा उत्साह
फिल्म निर्देशक एसएस राजामौली अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘वाराणसी’ के साथ वैश्विक सिनेमा में बड़ा कदम रखने जा रहे हैं। महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा जोनास और पृथ्वीराज सुकुमारन जैसे बड़े सितारों से सजी यह फिल्म पहले ही चर्चा का केंद्र बनी हुई है। अब इस उत्साह को अंतरराष्ट्रीय मंच पर ले जाते हुए फिल्म को कॉमिक कॉन एक्सपीरियंस मेक्सिको 2026 में पेश किया जाएगा। 24 अप्रैल को थंडर स्टेज पर आयोजित एक विशेष पैनल के जरिए दर्शकों को फिल्म की पहली झलक दिखाई जाएगी, जो इसे वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
स्पेशल सेगमेंट ‘वाराणसी टू द वर्ल्ड’ में दिखेगी खास प्रस्तुति
इस खास मौके पर निर्माता एसएस कार्तिकेय ‘वाराणसी टू द वर्ल्ड’ नामक विशेष सेगमेंट प्रस्तुत करेंगे। इस प्रस्तुति में निर्देशक एसएस राजामौली का विशेष वीडियो संदेश भी शामिल होगा। साथ ही, दर्शकों को फिल्म से जुड़े अब तक के अनदेखे पर्दे के पीछे के दृश्य देखने को मिलेंगे। कार्यक्रम का समापन लाइव संवाद के साथ होगा, जहां प्रशंसकों को फिल्म की निर्माण प्रक्रिया और इसके विजन के बारे में विस्तार से जानने का मौका मिलेगा।
यूरोप में भी मिल चुकी है जबरदस्त प्रतिक्रिया
गौरतलब है कि ‘वाराणसी’ की पहली झलक इससे पहले यूरोप के प्रतिष्ठित सिनेमाघर ले ग्रैंड रेक्स में आयोजित ट्रेलर फेस्टिवल में दिखाई जा चुकी है। वहां दर्शकों ने फिल्म को जबरदस्त प्रतिक्रिया दी थी और पहले ही दृश्य से पूरा हॉल तालियों और उत्साह से गूंज उठा था।
महेश बाबू, प्रियंका और पृथ्वीराज के दमदार किरदारों ने बढ़ाई उत्सुकता
फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्साह का एक बड़ा कारण इसके कलाकार भी हैं। महेश बाबू रुद्र के शक्तिशाली किरदार में नजर आएंगे, जिनका लुक पहले ही चर्चा में है। वहीं पृथ्वीराज सुकुमारन कुंभ के रूप में और प्रियंका चोपड़ा जोनास मंदाकिनी के किरदार में दिखाई देंगी। फिल्म का शीर्षक पिछले साल घोषित किया गया था, जिसमें महेश बाबू का त्रिशूल लिए बैल पर सवार रूप विशेष आकर्षण का केंद्र बना था।
2027 में सिनेमाघरों में दस्तक देगी फिल्म
‘वाराणसी’ को एक भव्य सिनेमाई परियोजना के रूप में देखा जा रहा है, जो भारतीय सिनेमा को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। यह फिल्म 7 अप्रैल 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है, जिसका इंतजार अभी से दर्शकों के बीच चरम पर है।