नई दिल्ली: अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच संभावित समझौते की खबरों ने वैश्विक बाजार में हलचल बढ़ा दी है। इसका असर घरेलू सर्राफा और कमोडिटी बाजार पर भी साफ दिखाई दे रहा है। सोमवार को सोने और चांदी दोनों की कीमतों में तेज उछाल दर्ज किया गया। खासतौर पर चांदी के दाम में 5000 रुपये तक की बड़ी तेजी देखने को मिली।
सोमवार सुबह कारोबार के दौरान सोना करीब 0.40 प्रतिशत मजबूत हुआ, जबकि चांदी में 1.5 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई।
सोना ₹821 तक हुआ महंगा
हफ्ते के पहले कारोबारी दिन 5 जून डिलीवरी वाला सोना 471 रुपये की बढ़त के साथ 1,59,150 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला। पिछले कारोबारी सत्र यानी शुक्रवार को यह 1,58,679 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
कारोबार के दौरान सोने की कीमत 1,59,500 रुपये प्रति 10 ग्राम के इंट्राडे हाई तक पहुंच गई। वहीं निचला स्तर 1,59,014 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा। इस तरह पिछले सत्र के मुकाबले सोने में कुल 821 रुपये तक की तेजी दर्ज की गई।
सुबह 09:41 बजे तक सोना 621 रुपये की बढ़त के साथ 1,59,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखाई दिया।
चांदी में ₹5000 से ज्यादा की बड़ी तेजी
सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी जोरदार उछाल देखने को मिला। 3 जुलाई डिलीवरी वाली चांदी 4,837 रुपये की तेजी के साथ 2,76,683 रुपये प्रति किलोग्राम पर खुली। शुक्रवार को इसका बंद भाव 2,71,846 रुपये प्रति किलोग्राम था।
कारोबार के दौरान चांदी ने 2,76,888 रुपये प्रति किलोग्राम का इंट्राडे हाई बनाया, जबकि निचला स्तर 2,75,428 रुपये प्रति किलोग्राम रहा।
इस तरह पिछले सत्र की तुलना में चांदी की कीमतों में 5,042 रुपये तक की बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई। सुबह तक चांदी करीब 4,214 रुपये मजबूत होकर 2,76,060 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही थी।
सर्राफा बाजार में क्या रहे भाव?
दिल्ली सर्राफा बाजार में शुक्रवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 600 रुपये गिरकर 1,64,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
वहीं चांदी की कीमत बिना किसी बदलाव के 2,71,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रही थी। शनिवार और रविवार को एमसीएक्स और सर्राफा बाजार बंद रहने के कारण सोमवार को बाजार खुलते ही कीमतों में बड़ा उतार-चढ़ाव देखने को मिला।
क्यों बढ़ रहे सोने-चांदी के दाम?
विशेषज्ञों के मुताबिक अमेरिका-ईरान तनाव, वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता और अंतरराष्ट्रीय बाजार में निवेशकों की सुरक्षित निवेश की ओर बढ़ती रुचि के कारण सोने और चांदी की कीमतों में तेजी बनी हुई है।
इसके अलावा डॉलर और कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव का असर भी कीमती धातुओं के बाजार पर पड़ रहा है।