मत्स्य पालकों के लिए सुनहरा मौका! 8 जून से शुरू होंगे आवेदन, बोट सब्सिडी समेत कई योजनाओं का मिलेगा लाभ
गौतमबुद्धनगर: मत्स्य विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए राज्य सेक्टर की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार इच्छुक मत्स्य पालक 8 जून से 28 जून 2026 तक विभाग के पोर्टल पर आवेदन कर सकेंगे। इस दौरान कई महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ लेने का अवसर उपलब्ध रहेगा।
मत्स्य निरीक्षक हरिशंकर त्रिपाठी ने बताया कि विभागीय पोर्टल 8 जून से 28 जून 2026 तक खुला रहेगा। इस अवधि में मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना, निषादराज बोट सब्सिडी योजना तथा सघन मत्स्य पालन के लिए एरेशन सिस्टम स्थापना योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।
हर योजना के लिए अलग-अलग करना होगा आवेदन
विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि लाभार्थियों को प्रत्येक योजना के लिए अलग-अलग आवेदन करना अनिवार्य होगा। किसी एक आवेदन के आधार पर अन्य योजनाओं का लाभ नहीं दिया जाएगा। इसलिए इच्छुक मत्स्य पालकों को अपनी आवश्यकता के अनुसार संबंधित योजनाओं में पृथक आवेदन करना होगा।
वेबसाइट पर उपलब्ध है पूरी जानकारी
अधिकारियों के अनुसार योजनाओं से जुड़ी परियोजना लागत, इकाई लागत, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और अन्य सभी महत्वपूर्ण जानकारियां विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। आवेदक आवेदन करने से पहले दिशा-निर्देशों का सावधानीपूर्वक अध्ययन कर सकते हैं।
पुराने आवेदक भी कर सकेंगे दोबारा आवेदन
मत्स्य विभाग ने बताया कि पूर्व वर्षों में जिन आवेदनों को निरस्त कर दिया गया था या जो किसी कारणवश प्रतीक्षारत रह गए थे, ऐसे आवेदक भी इस बार पुनः आवेदन करने के पात्र होंगे। साथ ही यदि भविष्य में योजनाओं के प्रावधानों में कोई संशोधन किया जाता है तो संशोधित नियम ही प्रभावी माने जाएंगे।
कार्यालय से भी प्राप्त कर सकते हैं जानकारी
योजनाओं के संबंध में अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए इच्छुक व्यक्ति किसी भी कार्यदिवस में सहायक निदेशक मत्स्य के जनपदीय कार्यालय, विकास भवन स्थित कक्ष संख्या 305 एवं 306 में संपर्क कर सकते हैं। विभाग ने पात्र लाभार्थियों से समय पर आवेदन करने की अपील की है ताकि योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त किया जा सके।