यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 की तैयारियों में जुटी सरकार, प्रमुख सचिव ने दिए युद्ध स्तर पर काम पूरा करने के निर्देश

0 27

गौतमबुद्धनगर: उत्तर प्रदेश के प्रमुख सचिव, एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग, शशि भूषण लाल सुशील ने ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट एंड सेंटर में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 के चतुर्थ संस्करण की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं युद्ध स्तर पर पूरी करने और निर्धारित समयसीमा में तैयारियों को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए, ताकि देश-विदेश से आने वाले उद्यमियों, निवेशकों, खरीदारों, प्रतिनिधियों और आगंतुकों को किसी तरह की असुविधा न हो।

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो को भव्य बनाने पर जोर

समीक्षा बैठक में आयोजन से जुड़े विभिन्न विभागों ने अब तक की तैयारियों की जानकारी प्रमुख सचिव के समक्ष रखी। बैठक में आगामी आयोजन को सफल और प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के लिए जरूरी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रमुख सचिव ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो उत्तर प्रदेश की औद्योगिक, व्यापारिक, सांस्कृतिक और हस्तशिल्प क्षमता को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने वाला महत्वपूर्ण मंच है। इसके जरिए प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों, एक जनपद एक उत्पाद के उत्पादों, हस्तशिल्प, हथकरघा, कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, सेवा क्षेत्र और विभिन्न औद्योगिक उत्पादों को राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने में मदद मिल रही है।

आवागमन से लेकर सुरक्षा तक पुख्ता व्यवस्था के निर्देश

प्रमुख सचिव ने आयोजन स्थल पर आवागमन, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, अग्निशमन, चिकित्सा सुविधा, संकेतक व्यवस्था और सूचना संबंधी सुविधाओं को बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन में शामिल होने वाले देश-विदेश के प्रतिनिधियों और आगंतुकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि चतुर्थ संस्करण को पिछले आयोजनों की उपलब्धियों से आगे ले जाने के लिए सभी विभाग स्पष्ट कार्ययोजना के साथ काम करें और तय समय में अपने-अपने दायित्व पूरे करें।

प्रचार-प्रसार के लिए व्यापक अभियान चलाने पर जोर

प्रमुख सचिव ने यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर भी विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन की जानकारी अधिक से अधिक उद्यमियों, व्यापारियों, खरीदारों, निवेशकों, निर्यातकों, शिक्षण संस्थानों और आम लोगों तक पहुंचाई जाए।

इसके लिए डिजिटल माध्यमों, सामाजिक माध्यमों, प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया सहित अन्य प्रचार माध्यमों का प्रभावी इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने देश के अन्य राज्यों और विदेशों से संभावित खरीदारों तथा निवेशकों को आयोजन से जोड़ने के लिए लक्षित प्रचार अभियान चलाने पर भी जोर दिया।

इसके साथ ही आसपास के जनपदों के औद्योगिक संगठनों, व्यापारिक संस्थाओं, आरडब्ल्यूए, शैक्षणिक संस्थानों और अन्य संबंधित संस्थाओं को भी आयोजन से जोड़ने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया।

ग्रेटर नोएडा में यातायात व्यवस्था पर विशेष फोकस

बैठक में ग्रेटर नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में आयोजन के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर भी विस्तार से चर्चा हुई। प्रमुख सचिव ने अधिकारियों को आयोजन स्थल तक आगंतुकों की आसान पहुंच सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक परिवहन व्यवस्था पहले से तैयार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने संभावित यातायात दबाव वाले स्थानों को चिह्नित कर अग्रिम कार्ययोजना तैयार करने को कहा। साथ ही वैकल्पिक मार्गों, पार्किंग स्थलों, शटल सेवा और सार्वजनिक परिवहन से जुड़ी व्यवस्थाओं को समय रहते अंतिम रूप देने के निर्देश दिए, ताकि आयोजन के दौरान जाम की स्थिति न बने।

निवेश, निर्यात और कारोबार के नए अवसरों पर जोर

प्रमुख सचिव ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन की सफलता के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित कार्यों की स्पष्ट योजना तैयार कर निर्धारित समयसीमा में उन्हें पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का उद्देश्य केवल प्रदर्शनी आयोजित करना नहीं है, बल्कि इसके जरिए व्यवसायिक समझौतों, निवेश, निर्यात के अवसरों और प्रदेश के उद्यमियों के लिए नए बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस परिणाम हासिल करना भी है। उन्होंने चतुर्थ संस्करण में शामिल होने वाले उद्यमियों और प्रदर्शकों को बेहतर सुविधाएं देने के साथ संभावित खरीदारों और निवेशकों के साथ प्रभावी व्यावसायिक संपर्क स्थापित कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा।

प्रमुख सचिव ने आयोजन स्थल का किया निरीक्षण

समीक्षा के बाद प्रमुख सचिव ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि देश-विदेश से आने वाले प्रतिनिधियों और आगंतुकों को उत्तर प्रदेश की औद्योगिक एवं सांस्कृतिक समृद्धि का बेहतर अनुभव मिलना चाहिए। इसके लिए सभी तैयारियां उच्च स्तर की रखी जाएं।

उन्होंने अधिकारियों को यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चतुर्थ संस्करण की तैयारियों की नियमित समीक्षा करने और लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने आयोजन को भव्य, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करने को कहा।

जिलाधिकारी ने समय पर तैयारियां पूरी कराने का दिया भरोसा

समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया। उन्होंने प्रमुख सचिव को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए दिशा-निर्देशों का संबंधित विभागों के अधिकारियों के माध्यम से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा और यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चतुर्थ संस्करण की सभी तैयारियों को समय रहते अंतिम रूप दिया जाएगा।

बैठक में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, ग्रेटर नोएडा प्रेरणा सिंह, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, नोएडा वंदना त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार मिश्र, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, सीओ इंडिया एक्सपो मार्ट लिमिटेड समेत संबंधित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.