महाशिवरात्रि-कांवड़ यात्रा को लेकर एक्शन में पुलिस-प्रशासन, शिवालयों और कांवड़ मार्गों का किया निरीक्षण

0 40

गौतमबुद्धनगर: महाशिवरात्रि एवं कांवड़ यात्रा-2026 को जनपद में शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह और जिलाधिकारी मेधा रूपम ने सोमवार को प्रमुख कांवड़ मार्गों, शिवालयों और कांवड़ शिविरों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सुगम आवागमन तथा मूलभूत सुविधाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

चिल्ला बॉर्डर से जेवर तक व्यवस्थाओं का जायजा

पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी ने चिल्ला बॉर्डर, श्री सिद्ध पीठ शनि मंदिर, सेक्टर-14ए नोएडा और शिव मंदिर नानकेश्वर, ग्राम भाईपुर, जेवर सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों और प्रमुख कांवड़ मार्गों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल, चिकित्सा सुविधा और शिविरों में उपलब्ध अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लिया।

कांवड़ शिविरों में भोजन की गुणवत्ता पर विशेष नजर

कांवड़ शिविरों के निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी ने वहां बनाए गए रसोईघर तथा तैयार की जा रही खाद्य सामग्री का भी निरीक्षण किया। भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता व्यवस्था की जानकारी लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों और शिविर संचालकों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रियों को मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने भोजन तैयार करने वाले स्थानों पर विशेष साफ-सफाई बनाए रखने तथा खान-पान से जुड़ी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सीसीटीवी से लगातार निगरानी, संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान कांवड़ शिविरों में लगे सीसीटीवी कैमरों, सुरक्षा प्रबंध, प्रवेश और निकास व्यवस्था तथा निगरानी प्रणाली का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।

साथ ही सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी संभावित स्थिति से तत्काल निपटा जा सके और श्रद्धालुओं की सुरक्षा में कोई कमी न रहे।

मेडिकल शिविरों में पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश

पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी ने मेडिकल शिविरों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध दवाइयों, प्राथमिक उपचार की व्यवस्था और चिकित्सकीय स्टाफ की तैनाती की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि मेडिकल शिविरों में आवश्यक दवाइयां पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें और चिकित्सकीय टीमें पूरी तत्परता के साथ तैनात रहें।

अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके।

कांवड़ मार्गों पर यातायात और भीड़ नियंत्रण पर फोकस

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों के आवागमन को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं पहले से सुदृढ़ रखी जाएं। प्रमुख कांवड़ मार्गों पर यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और संभावित यातायात दबाव को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखने के निर्देश दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

शिवालयों और कांवड़ मार्गों पर सफाई-पानी की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी ने कांवड़ मार्गों तथा शिवालयों के आसपास साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था बनाए रखने को कहा। इसके साथ ही पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

कांवड़ शिविरों में स्वच्छता, भोजन, चिकित्सा और अन्य मूलभूत सुविधाओं की नियमित निगरानी करने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

लापरवाही पर सख्त रुख, वैकल्पिक व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखने को कहा

पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। संभावित परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जरूरी वैकल्पिक व्यवस्थाएं भी पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि एवं कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात, स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा, सुरक्षा और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े सभी विभाग पूरी तत्परता के साथ काम करें, जिससे जनपद में महाशिवरात्रि एवं कांवड़ यात्रा-2026 शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सकुशल संपन्न कराई जा सके।

निरीक्षण के दौरान एडिशनल सीपी राजीव नारायण मिश्रा, डीसीपी नोएडा साद मियां खान, डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम, डीसीपी मुख्यालय शव्या गोयल, सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार मिश्र, उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.