ग्रेटर नोएडा: मेड बनकर आई महिला ने बुजुर्ग को बेहोश कर की लाखों की चोरी

0 166

ग्रेटर नोएडा की एक हाईराइज सोसायटी में चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक महिला ने खुद को मेड बताकर घर में घुसकर बुजुर्ग महिला को बेहोश किया और नकदी व जेवर लेकर फरार हो गई।

मेड बनकर घर में की एंट्री

यह मामला बिसरख थाना क्षेत्र स्थित आम्रपाली किंग्स वुड गोल्ड होम्स सोसाइटी का है। यहां शांति मिश्रा अपनी बहू के साथ रहती हैं। बताया जा रहा है कि परिवार पिछले कुछ समय से घर के काम के लिए मेड की तलाश कर रहा था।

शुक्रवार दोपहर एक महिला फ्लैट पर पहुंची और खुद को काम के लिए आई मेड बताया। उस समय घर में बहू मौजूद नहीं थी। शांति मिश्रा ने उसे शाम को आने के लिए कहा, लेकिन इसी दौरान आरोपी महिला ने चालाकी से उन्हें अपने पास बुलाया और नशीला पदार्थ सुंघा दिया।

बेहोश कर घर किया साफ

नशीला पदार्थ सूंघते ही शांति मिश्रा बेहोश होकर गिर गईं। इसके बाद आरोपी महिला ने घर में रखी नकदी, मंगलसूत्र और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया और फरार हो गई।

करीब एक घंटे बाद जब बुजुर्ग महिला को होश आया, तो घर का सामान बिखरा हुआ मिला और कई कीमती चीजें गायब थीं।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी महिला की पहचान की जा सके।

मेड की तलाश बनी वजह

पुलिस के मुताबिक, परिवार मेड की तलाश में था और इसी का फायदा उठाकर आरोपी महिला फ्लैट तक पहुंची। फिलहाल पुलिस जल्द ही आरोपी को पकड़ने का दावा कर रही है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.