GT vs SRH मैच में बदले अंदाज में उतरी गुजरात टाइटंस, लैवेंडर जर्सी के पीछे छिपा है बेहद खास और भावुक संदेश
अहमदाबाद: आईपीएल में हर टीम अपनी खास जर्सी और रंगों से पहचानी जाती है, लेकिन अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस को अलग रंग की जर्सी में देखकर फैंस हैरान रह गए। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में गुजरात टाइटंस अपनी पारंपरिक नीली और गोल्डन जर्सी की जगह लैवेंडर रंग की किट पहनकर मैदान पर उतरी। हालांकि इसके पीछे सिर्फ स्टाइल नहीं, बल्कि एक बेहद खास सामाजिक संदेश जुड़ा हुआ है।
दरअसल गुजरात टाइटंस लगातार चौथे साल कैंसर जागरूकता अभियान के समर्थन में लैवेंडर जर्सी पहन रही है। फ्रेंचाइजी ने इस पहल की शुरुआत साल 2023 में की थी। इसका उद्देश्य कैंसर मरीजों, इस बीमारी से जंग जीत चुके लोगों और उनके परिवारों के प्रति एकजुटता और समर्थन जताना है। दुनियाभर में लैवेंडर रंग को कैंसर के खिलाफ जागरूकता और समर्थन का प्रतीक माना जाता है।
सोशल मीडिया पर टीम ने साझा किया भावुक संदेश
गुजरात टाइटंस ने मैच से पहले सोशल मीडिया पर एक खास वीडियो साझा किया। वीडियो में टीम ने लिखा कि 12 मई को टाइटंस लैवेंडर हो जाते हैं और टीम इस मुकाबले में कैंसर के खिलाफ लड़ाई में एकजुटता का संदेश लेकर मैदान पर उतर रही है।
इस वीडियो में टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने भी अपनी भावनाएं साझा कीं। उन्होंने कहा कि इस सीजन टीम और खिलाड़ियों ने कई उतार-चढ़ाव देखे, लेकिन मजबूत वापसी के लिए साहस और सकारात्मक सोच बेहद जरूरी होती है।
मोहम्मद सिराज ने बताया क्यों खास है यह पहल
सिराज ने कहा कि जीवन में वर्तमान में जीना और अपना शत-प्रतिशत देना सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि उनके लिए सबसे अहम बात यही होती है कि उन्होंने मैदान पर अपना पूरा योगदान दिया या नहीं।
उन्होंने आगे कहा कि भारत में बड़ी संख्या में लोग कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से लड़ रहे हैं और ऐसे लोगों के साथ खड़ा होना बेहद जरूरी है। सिराज ने कहा कि गुजरात टाइटंस परिवार की इस पहल का हिस्सा बनकर उन्हें गर्व महसूस होता है और यही वजह है कि यह मुकाबला उनके लिए बेहद भावुक और खास है।
लैवेंडर जर्सी में गुजरात का खास रिकॉर्ड
गुजरात टाइटंस का लैवेंडर जर्सी से जुड़ा इतिहास भी काफी दिलचस्प रहा है। साल 2023 में टीम पहली बार इसी खास किट में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैदान पर उतरी थी। उस मुकाबले में कप्तान शुभमन गिल ने अपना पहला आईपीएल शतक लगाया था और टीम ने 34 रन से शानदार जीत दर्ज की थी। उसी जीत के साथ गुजरात टाइटंस प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बनी थी।
वहीं आईपीएल 2024 में कोलकाता के खिलाफ लैवेंडर जर्सी वाला मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था, जिससे टीम की प्लेऑफ उम्मीदों को बड़ा झटका लगा था। हालांकि 2025 में गुजरात ने इसी जर्सी में लखनऊ को हराकर शानदार वापसी की थी।
अब आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस की नजर सनराइजर्स हैदराबाद को हराकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल करने पर है।