यूपी में फिर बढ़ेगी गर्मी की मार! 14 जिलों में तेज आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट, कई इलाकों में लू का खतरा

0 27

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और 10 से अधिक जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। मौसम विभाग ने सोमवार को 14 जिलों में तेज हवाओं, गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। वहीं, बुंदेलखंड और पूर्वी यूपी के कई हिस्सों में तीव्र लू चलने की भी आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। जून के दूसरे सप्ताह में प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने का अनुमान है।

14 जिलों में आंधी और वज्रपात का अलर्ट

मौसम विभाग ने सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा और बिजनौर समेत आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई है।

इन जिलों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है।

पश्चिमी यूपी में तेजी से चढ़ेगा पारा

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक 9 जून से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तापमान में तेजी से वृद्धि दर्ज की जाएगी। फिलहाल कुछ इलाकों में चल रही हवाओं से राहत मिल रही है, लेकिन अगले दो दिनों में उमस बढ़ने की संभावना है, जिससे लोगों को अधिक गर्मी महसूस होगी।

इन जिलों में लू का अलर्ट

बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, जालौन, हमीरपुर, महोबा और झांसी समेत आसपास के क्षेत्रों में तीव्र लू चलने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।

झांसी और बांदा रहे सबसे गर्म

रविवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। झांसी और बांदा प्रदेश के सबसे गर्म शहर रहे, जहां अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

इसके अलावा प्रयागराज में 42.8 डिग्री सेल्सियस, जबकि उरई, कानपुर देहात और फर्रुखाबाद में 42.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। राजधानी लखनऊ का अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक है।

मौसम विभाग की सलाह

विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों में गर्मी और उमस दोनों बढ़ सकती हैं। ऐसे में बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। तेज धूप और लू से बचाव के लिए पर्याप्त पानी पीना और आवश्यक होने पर ही बाहर निकलना बेहतर रहेगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.