देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी और मध्य भारत में अगले तीन दिनों तक उष्ण लहर चलने की आशंका है। हालांकि इसके बाद तापमान में गिरावट के संकेत मिले हैं, जिससे लोगों को कुछ राहत मिल सकती है।
इन राज्यों में लू और गर्मी का प्रकोप
बीते 24 घंटों के दौरान हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम और पूर्वी उत्तर प्रदेश तथा उत्तर राजस्थान में लू का असर साफ तौर पर देखा गया। हरियाणा और राजस्थान में भीषण गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। वहीं, अन्य कई इलाकों में गर्म और उमस भरा मौसम बना हुआ है।
पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में बारिश और तूफान का अलर्ट
मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर राज्यों में तेज आंधी, वज्रपात और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। पिछले 24 घंटों में पश्चिम बंगाल, सिक्किम और असम में भारी वर्षा दर्ज की गई है। इसके अलावा पूर्वी भारत के कई हिस्सों में भी इस सप्ताह तूफान और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
कब और कहां रहेगा मौसम का असर
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम भारत में 28 अप्रैल से 1 मई तक, मध्य भारत में 27 से 29 अप्रैल तक और दक्षिण भारत में 28 से 30 अप्रैल तक वज्रपात और तूफान की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। तापमान में भी क्षेत्रवार बदलाव दर्ज होगा।
अगले सात दिनों का तापमान पूर्वानुमान
पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 27 अप्रैल तक तापमान स्थिर रहेगा, इसके बाद 2 से 3 डिग्री की गिरावट आएगी। उत्तर-पश्चिम भारत में भी 27 अप्रैल के बाद 2 से 4 डिग्री तक तापमान कम हो सकता है। पूर्वी भारत में 26 अप्रैल के बाद 3 से 4 डिग्री तक गिरावट के आसार हैं। वहीं, उत्तर-पूर्व भारत में 27 अप्रैल तक तापमान 3 से 6 डिग्री तक बढ़ेगा, उसके बाद स्थिर रहेगा। महाराष्ट्र और गुजरात में भी आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
यूपी और हरियाणा में ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश और हरियाणा में लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पश्चिम बंगाल में भारी बारिश और तूफान के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। इसके अलावा कर्नाटक में ओलावृष्टि और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।
गर्मी से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां
विशेषज्ञों के मुताबिक लंबे समय तक धूप में रहने या भारी काम करने वाले लोगों में हीट से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में पर्याप्त मात्रा में पानी पीना जरूरी है, भले ही प्यास न लगे। हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनें और सिर को कपड़े, टोपी या छाते से ढककर रखें। शिशुओं, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।