16 राज्यों में आज भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली-UP से लेकर पहाड़ों तक आफत; आंधी और लैंडस्लाइड का भी खतरा

0 19

नई दिल्ली: देश में मानसून पूरी रफ्तार से सक्रिय है। पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक भारी बारिश के कारण कई बड़ी नदियां उफान पर हैं। गंगा, यमुना, नर्मदा और चिनाब समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। मौसम विभाग ने आज 16 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, महाराष्ट्र और केरल में मौसम खराब रहने की संभावना है। कई इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं, आंधी और गरज-चमक भी हो सकती है।

दिल्ली में बारिश के साथ बाढ़ का खतरा

राजधानी दिल्ली में लगातार बारिश के बाद यमुना का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा पैदा हो गया था। हालांकि हथनीकुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद यमुना का जलस्तर अब घटने लगा है। जलस्तर पर नजर रखने के लिए फ्लड एंड एरिगेशन डिपार्टमेंट अलर्ट मोड पर है। मौसम विभाग ने दिल्ली में आज भी आंधी और बारिश की चेतावनी दी है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

उत्तर प्रदेश में 14 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही मानसूनी बारिश के कारण गंगा, यमुना, शारदा और सरयू समेत 10 से ज्यादा नदियां खतरे के निशान के करीब बह रही हैं। गंगा के बढ़ते जलस्तर का असर शाहजहांपुर के मिर्जापुर इलाके में भी दिखाई दे रहा है, जहां कई गांवों में पानी घुस गया है।

मौसम विभाग ने आज उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, बागपत, मेरठ, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सीतापुर, गोंडा, सिद्धार्थनगर, बाराबंकी, लखनऊ, उन्नाव, कानपुर नगर, कानपुर देहात, कन्नौज और औरैया में कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है।

मध्य प्रदेश में नदियां उफान पर, कई इलाकों में बाढ़ का खतरा

मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। डिंडोरी में नर्मदा, खरमेर और चकरार नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। मंडला जिले में मूसलाधार बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। डिंडोरी और बालाघाट के ऊपरी इलाकों में लगातार बारिश के चलते मंडला में नर्मदा का जलस्तर तेजी से बढ़ा है।

निचले इलाकों में बाढ़ का पानी पहुंचने लगा है और नदी किनारे बसी बस्तियों पर खतरा मंडरा रहा है। नर्मदा का जलस्तर बढ़ने के कारण नदी किनारे के कई घाट और मंदिर पानी में डूब गए हैं। स्थिति को देखते हुए प्रशासन अलर्ट पर है। आईएमडी भोपाल ने रायसेन, नर्मदापुरम, कटनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट, दमोह, सागर, पांडुर्णा, नरसिंहपुर, सिवनी और पन्ना समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

बिहार में बारिश के साथ आंधी का खतरा

बिहार के कई जिलों में भारी बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है। गया, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, रोहतास, नवादा, बांका, लखीसराय, मुंगेर, नालंदा, बक्सर, सिवान, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज, कटिहार, बेगूसराय, सहरसा और सुपौल में मौसम खराब रह सकता है।

झारखंड में तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट

झारखंड में भी कई इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। रांची, रामगढ़, बोकारो, हजारीबाग, जमशेदपुर, पलामू, खूंटी और दुमका में मौसम खराब रह सकता है। इन इलाकों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।

हिमाचल में लैंडस्लाइड से हाईवे बंद

मैदानी इलाकों में जहां नदियों का जलस्तर बढ़ा हुआ है, वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण लैंडस्लाइड का खतरा बढ़ गया है। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में भारी लैंडस्लाइड के बाद सड़कें प्रभावित हुई हैं। खूनी नाला इलाके में सिहूता नेशनल हाईवे पर पनियाला नाला के पास पहाड़ दरकने से भारी मलबा सड़क पर आ गया, जिससे हाईवे पूरी तरह ठप हो गया।

भारी बारिश और लैंडस्लाइड के कारण चंबा-भरमौर और चंबा-पठानकोट नेशनल हाईवे समेत जिले की कई प्रमुख सड़कें बंद हो गई हैं। मौसम विभाग ने 10 और 11 अगस्त के साथ 14 और 15 अगस्त के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कांगड़ा, सिरमौर, शिमला, मंडी, चंबा, कुल्लू और सोलन में आज मध्यम से तेज बारिश की संभावना है।

उत्तराखंड में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

उत्तराखंड में भी भारी बारिश और लैंडस्लाइड लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। जोशीमठ के किमाणा इलाके में सैलाब के साथ भारी मलबा आने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। पहाड़ी नाले से कीचड़ के साथ बड़े-बड़े बोल्डर नीचे की ओर खिसक रहे हैं।

चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ समेत कई जिलों में लगातार लैंडस्लाइड की घटनाएं सामने आ रही हैं। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक राज्य में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और अल्मोड़ा में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।

असम में बाढ़ से करीब डेढ़ लाख लोग प्रभावित

असम के गुवाहाटी में भी भारी बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। मूसलाधार बारिश के कारण रुक्मिणी गांव में घुटनों तक पानी भर गया है। राज्य के 13 जिलों में करीब डेढ़ लाख लोग अब भी बाढ़ से प्रभावित हैं। बाढ़ के कारण राज्य में अब तक 99 लोगों की मौत हो चुकी है।

ऊपरी असम के गोलाघाट, शिवसागर और जोरहाट जिले बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। बाढ़ के पानी से राज्य में करीब 11 हजार हेक्टेयर फसल पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है। हजारों लोग राहत शिविरों में रहने को मजबूर हैं। देश के कई हिस्सों में मानसून की तेज गतिविधि के बीच नदियों का बढ़ता जलस्तर, लैंडस्लाइड और तेज बारिश लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.