ऑनर किलिंग: लड़की के परिवार ने पीट-पीटकर शख्‍स को मार डाला

0 551

मथुरा (यूपी)। उत्तर प्रदेश के इस पवित्र शहर में आगरा के एक युवक की उसकी प्रेमिका के परिवार ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। मृृृतक गोविंद कुमार का शव मथुरा में एक खेत से बरामद किया गया था। वह मथुरा के सौन गांव की रहने वाली 20 वर्षीय राखी के साथ रिश्ते में था।

उसका फोन आने पर गोविंद उसके घर गया, जहां उसे नंगा कर खुले मैदान में एक पेड़ से बांध दिया गया और पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच से पता चलता है कि यह घटना ऑनर किलिंग से जुड़ी है। थाना प्रभारी पुष्पेंद्र कुमार ने कहा, “लड़की, उसके पिता शिव सिंह और भाई सुनील सिंह के खिलाफ दर्ज शिकायत के आधार पर, हमने आईपीसी की धारा 201 (अपराध के सबूत मिटाना) और 302 (हत्या) के तहत मगोरा पुलिस स्टेशन प्राथमिकी दर्ज की है।”

उन्होंने कहा, “आरोपियों ने अपराध कबूल कर लिया है और अदालत के आदेश के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया है।” पुलिस सूत्र बताते हैं कि लड़की के पिता और भाई ने गोविंद को बहला-फुसलाकर अपने घर बुलाया था। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, “पोस्टमाॅर्टम जांच से पता चला कि गोविंद को लाठियों से पीटा गया था, इसके परिणामस्वरूप उसकी खोपड़ी और अंगों में कई फ्रैक्चर हुए थे।”

मृतक के छोटे भाई सतेंद्र कुमार ने कहा, ”मेरे भाई की हत्या सोच-समझकर की गई है।”

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.