छत्तीसगढ़ के कांकेर में NH-30 पर भीषण हादसा, दो कारों की आमने-सामने टक्कर; एक ही परिवार के 6 लोगों की दर्दनाक मौत

0 235

नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नेशनल हाईवे-30 पर गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में 3 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई है।

शादी समारोह से लौटते वक्त हुआ भीषण हादसा

जानकारी के अनुसार, मृतक सभी लोग कांकेर के उड़कुड़ा गांव के रहने वाले थे। वे चीवरांज में एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस अपने गांव लौट रहे थे, तभी नाथिया नवागांव के पास दो कारों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।

एक कार के सभी यात्रियों की मौके पर मौत

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक कार में सवार सभी 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी कार में बैठे 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी, पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। कांकेर एसपी निखिल राखेचा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि NH-30 पर दो कारों की टक्कर में 6 लोगों की मौत हुई है और 3 लोग घायल हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मृतकों की पहचान व अन्य विवरण जुटाए जा रहे हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.