औरंगाबाद में भीषण सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से पलटी वाराणसी से जा रही बस; 20 यात्री घायल, कई की हालत गंभीर

0 25

औरंगाबाद: बिहार के औरंगाबाद में गुरुवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। नगर थाना क्षेत्र के जीटी बाइपास ओवरब्रिज के पास महिंद्रा शोरूम के सामने यात्री बस और ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस पलट गई और उसमें सवार करीब 20 यात्री घायल हो गए। इनमें पांच यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।

भोर करीब ढाई बजे हुआ हादसा

हादसा गुरुवार सुबह करीब ढाई बजे हुआ। बताया गया कि यात्री बस वाराणसी से झारखंड के पाटन, डालटेनगंज की ओर जा रही थी। जीटी बाइपास ओवरब्रिज से डालटेनगंज की दिशा में जाने के लिए बस सर्विस रोड पर उतर रही थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने बस को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार कि डिवाइडर भी टूटा

टक्कर इतनी भीषण थी कि उसकी आवाज दूर तक सुनाई दी। हादसे में जीटी रोड का लोहे का डिवाइडर भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस को भारी नुकसान पहुंचा है, जबकि ट्रक का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया।

चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीण

हादसे की तेज आवाज और यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया।

तीन गंभीर घायलों को किया गया रेफर

सदर अस्पताल में घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया। इनमें गंभीर स्थिति वाले तीन यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है। हादसे में घायल यात्रियों में सदर प्रखंड के बधोई गांव निवासी महाराणा सिंह, उनकी पत्नी बालमती देवी, सूरज कुमार सिंह, बबलू कुमार सिंह, मदनपुर के गुलाबबिगहा निवासी राजेश यादव, गयाजी के पथरा निवासी सुनील कुमार, नरेश यादव की पत्नी नागेश्वरी देवी औरंगाबाद के हरिनारायण, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पवई भैरोपुर निवासी विजय तिवारी, कृष्णा सोनी, अंबा के धीरज कुमार, गया के डुमरिया निवासी मुर्तजा अंसारी, अरवल के बेलखारा निवासी सत्या कुमार सिंह, भभुआ के बारे गांव निवासी अर्जुन पांडेय और बबलू पांडेय समेत अन्य यात्री शामिल हैं।

बस पर दर्ज विवरण से मालिक को दी गई सूचना

नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा के अनुसार बस का नाम हंसराज है और वह वाराणसी से झारखंड के पाटन, डालटेनगंज जा रही थी। बस पर लिखे विवरण के अनुसार वह बीएचयू वाराणसी की है। बस पर अंकित नंबर के आधार पर उसके मालिक को हादसे की जानकारी दे दी गई है।

घायलों से मिलने सदर अस्पताल पहुंचे परिजन

हादसे की जानकारी मिलने के बाद घायलों के स्वजन भी सदर अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थिति संभाली और मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.