UP Weather Today: लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में बदलेगा मौसम का मिजाज, आज से सक्रिय होगा मानसून; पूर्वी यूपी में तेज बारिश का अलर्ट

0 43

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने जा रहा है। गुरुवार से पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां तेज होने की संभावना है, जिसके चलते कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। राजधानी लखनऊ में भी मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। गुरुवार को बादलों की आवाजाही के साथ धूप निकल सकती है, जबकि शुक्रवार को मध्यम से भारी बारिश होने के आसार हैं। पिछले कई दिनों से उमस और गर्मी से परेशान लोगों को बारिश से राहत मिलने की उम्मीद है।

बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव से बढ़ेगी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र और मानसूनी ट्रफ के उत्तर प्रदेश की ओर खिसकने के कारण बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। इसके प्रभाव से पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में मानसून फिर सक्रिय होगा और बारिश का दौर बढ़ सकता है।

पूर्वी यूपी के इन जिलों में बारिश का अलर्ट

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, गुरुवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, सोनभद्र, संतकबीरनगर, आजमगढ़, बलिया, गाजीपुर, वाराणसी और प्रयागराज समेत आसपास के जिलों में तेज बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में वज्रपात को लेकर भी अलर्ट जारी किया है।

लखनऊ में शुक्रवार को तेज बारिश के आसार

राजधानी लखनऊ में गुरुवार तक बादलों की आवाजाही बनी रहने का अनुमान है। इस दौरान धूप भी निकल सकती है। शुक्रवार सुबह हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि शाम से रात के बीच तेज बारिश हो सकती है। बारिश के कारण राजधानी के अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना जताई गई है।

लखनऊ में सामान्य से 3.4 डिग्री ज्यादा रहा तापमान

बुधवार को लखनऊ में अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुवार को भी राजधानी में तापमान की स्थिति लगभग ऐसी ही रहने का पूर्वानुमान है।

करीब 10 दिन के अंतराल के बाद बुधवार को लखनऊ समेत प्रदेश के करीब 20 जिलों में दिन का तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। अब मानसून के सक्रिय होने से तापमान में गिरावट आने और लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.