ईरान पर नए हमले के बाद ट्रंप-नेतन्याहू में अहम बातचीत, खाड़ी क्षेत्र के हालात और सुरक्षा पर हुई चर्चा
यरुशलम: ईरान पर हालिया अमेरिकी हमले के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच अहम बातचीत हुई। इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, दोनों नेताओं ने खाड़ी क्षेत्र की मौजूदा स्थिति, सुरक्षा हालात और दोनों देशों के बीच समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा की।
खाड़ी क्षेत्र की गतिविधियों पर दी जानकारी
इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रधानमंत्री नेतन्याहू को खाड़ी क्षेत्र में अमेरिका की गतिविधियों से अवगत कराया। बातचीत के दौरान दोनों देशों के बीच विभिन्न मोर्चों पर जारी समन्वय को लेकर भी चर्चा हुई।
तुर्किये के बयानों पर भी जताई चिंता
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, नेतन्याहू ने तुर्किये के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन और उनके समर्थकों की ओर से इजरायल के अस्तित्व को लेकर दिए गए बयानों की गंभीरता का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने इजरायल की सीमाओं पर सुरक्षा क्षेत्रों की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
आईआरजीसी ने अमेरिकी ठिकाने पर हमले का किया दावा
इससे पहले ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने दावा किया था कि उसने उत्तरी जॉर्डन में स्थित अमेरिकी अल-अजराक एयरपोर्ट पर 10 बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया है। आईआरजीसी ने इसे पश्चिम एशिया में दुश्मन का कमांड और कंट्रोल सेंटर बताते हुए कहा कि यह कार्रवाई तेहरान पर हालिया अमेरिकी हमले के जवाब में की गई।
अमेरिका को दी आगे और हमलों की चेतावनी
ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार, आईआरजीसी ने चेतावनी दी है कि यदि अमेरिका ने आगे भी सैन्य कार्रवाई जारी रखी तो क्षेत्र में मौजूद अन्य अमेरिकी ठिकानों को भी निशाना बनाया जाएगा। संगठन का कहना है कि यदि हमले दोहराए गए तो उसकी सैन्य प्रतिक्रिया का दायरा और बढ़ाया जाएगा।
जॉर्डन में बजाए गए हवाई हमले के सायरन
इसी घटनाक्रम के बीच जॉर्डन ने पुष्टि की कि ईरान से दागी गई मिसाइलों के उसके हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने के बाद हवाई हमले के सायरन सक्रिय किए गए। सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।