शपथ से पहले चर्चा में शुभेंदु अधिकारी की संपत्ति, न कार, न सोने में निवेश; हाथ में सिर्फ ₹12 हजार कैश

0 28

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। लेकिन राजनीतिक हलकों में उनकी जीत से ज्यादा चर्चा उनके चुनावी हलफनामे में घोषित संपत्ति को लेकर हो रही है।

हलफनामे के अनुसार बंगाल के नए मुख्यमंत्री के पास न अपनी कोई कार है और न ही सोने में कोई निवेश। उनके पास नकद राशि के तौर पर केवल 12 हजार रुपये मौजूद हैं। घोषित आंकड़ों के मुताबिक शुभेंदु अधिकारी की कुल संपत्ति करीब 85.87 लाख रुपये है।

चल और अचल संपत्ति का पूरा ब्योरा

दाखिल हलफनामे में शुभेंदु अधिकारी ने अपनी चल संपत्ति करीब 24.57 लाख रुपये बताई है, जबकि अचल संपत्ति का मूल्य लगभग 61.30 लाख रुपये दर्ज किया गया है।

उनके पास कई बैंकों में खाते हैं, जिनमें पंजाब नेशनल बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, एक्सिस बैंक और कुछ सहकारी बैंक शामिल हैं। कुल 14 बैंक खातों में जमा रकम लगभग 7.34 लाख रुपये बताई गई है।

पोस्ट ऑफिस और LIC में भी निवेश

बैंक जमा के अलावा शुभेंदु अधिकारी ने नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट (NSC), किसान विकास पत्र और पोस्ट ऑफिस बचत योजनाओं में भी निवेश किया हुआ है। इसके साथ ही उनके नाम पर एलआईसी की कई पॉलिसियां भी दर्ज हैं।

पूर्वी मिदनापुर में जमीन और फ्लैट

अचल संपत्तियों में पूर्वी मिदनापुर जिले में कृषि भूमि और कुछ रिहायशी संपत्तियां शामिल हैं। हलफनामे के मुताबिक नंदीग्राम समेत कई इलाकों में उनके नाम कृषि भूमि दर्ज है।

इसके अलावा तमलुक और कुमारपुर में फ्लैट और पुश्तैनी संपत्तियां भी उनके पास हैं। इन सभी अचल संपत्तियों की कुल कीमत 61 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।

ममता बनर्जी को हराकर बने सबसे बड़े चेहरे

शुभेंदु अधिकारी ने 2026 विधानसभा चुनाव में बड़ा राजनीतिक उलटफेर करते हुए तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी को मात दी। कभी ममता बनर्जी के करीबी माने जाने वाले शुभेंदु अधिकारी वर्ष 2020 में बीजेपी में शामिल हुए थे।

इस बार के चुनाव में बीजेपी ने 294 सीटों में से 207 सीटें जीतकर पश्चिम बंगाल की राजनीति में नया इतिहास रच दिया।

न कोई कर्ज, न सरकारी बकाया

हलफनामे के अनुसार शुभेंदु अधिकारी पर किसी भी प्रकार का बैंक लोन या सरकारी बकाया नहीं है। वित्त वर्ष 2024-25 में उनकी कुल आय लगभग 17.38 लाख रुपये रही।

उन्होंने अपनी आय के स्रोत के तौर पर विधायक वेतन, सांसद पेंशन और व्यवसाय को बताया है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.