बंगाल की खाड़ी में बढ़ी हलचल, बिहार में मानसून की आहट तेज; भागलपुर में बदल सकता है मौसम का मिजाज, उमस और बारिश का मिला-जुला असर
भागलपुर: आसमान इन दिनों जैसे दो अलग-अलग रंग दिखा रहा है। दिन में तेज धूप और उमस लोगों को परेशान कर रही है, तो शाम होते ही बादलों की आवाजाही मौसम का रुख बदल रही है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हो रही मौसमी गतिविधियां अब मानसून की दस्तक के संकेत देने लगी हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले दिनों में भागलपुर समेत पूर्वी बिहार में मौसम और अधिक अस्थिर हो सकता है।
मानसून के लिए बन रही अनुकूल परिस्थितियां
मौसम विज्ञान केंद्र भागलपुर के वैज्ञानिक अनुपम नाहर के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून के लिए परिस्थितियां धीरे-धीरे अनुकूल होती जा रही हैं। इस सप्ताह के अंत तक दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने की संभावना जताई गई है।
विशेषज्ञों का कहना है कि समुद्री क्षेत्रों में बढ़ती नमी और वायुमंडलीय सक्रियता मानसून की गति को और मजबूत कर रही है।
द्रोणिका से बिहार में बढ़ी मौसमीय सक्रियता
फिलहाल एक द्रोणिका दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश से लेकर मणिपुर तक फैली हुई है, जो पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल से होकर गुजर रही है। यह प्रणाली समुद्र तल से लगभग 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई तक सक्रिय है।
इसी द्रोणिका का असर बिहार के मौसम पर भी साफ दिख रहा है। इसके कारण दक्षिणी और पूर्वी बिहार में बादलों की सक्रियता, मेघगर्जन, तेज हवाएं और छिटपुट बारिश की स्थिति बन रही है।
बंगाल की खाड़ी का निम्न दबाव बढ़ा रहा नमी
दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव क्षेत्र भी मौसम में बदलाव का बड़ा कारण बन रहा है। यह प्रणाली चक्रवाती परिसंचरण के साथ समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैली हुई है और अगले 48 घंटों में इसके और मजबूत होने की संभावना है।
हालांकि इसका सीधा प्रभाव पश्चिम बंगाल पर अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन इससे उत्पन्न नमी द्रोणिका के जरिए बिहार तक पहुंच रही है, जिससे मौसम में लगातार अस्थिरता बनी हुई है।
भागलपुर में शहरी क्षेत्र में कम बारिश, ग्रामीण इलाकों में असर संभव
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को भागलपुर के शहरी क्षेत्रों में व्यापक बारिश की संभावना फिलहाल कम है। हालांकि आसपास के ग्रामीण और दक्षिणी इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।
अगर निम्न दबाव क्षेत्र और अधिक सक्रिय होता है, तो अगले कुछ दिनों में बादलों की घनत्व बढ़ सकती है और कहीं-कहीं तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है।
मंगलवार को अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह साढ़े आठ बजे आर्द्रता 70 प्रतिशत और शाम साढ़े पांच बजे 73 प्रतिशत रही। दक्षिण-पश्चिम दिशा से चार किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। दिनभर बारिश नहीं हुई, लेकिन शाम के समय शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई।
फिलहाल, लोगों को दिन में उमस और रात में बदलते मौसम का मिला-जुला असर झेलना पड़ सकता है।