IND A vs SL A: टॉस हारते ही भारत पर बढ़ा दबाव, वैभव सूर्यवंशी के सामने बड़ी चुनौती; श्रीलंका ने चुनी गेंदबाजी
दांबुला: त्रिकोणीय ए सीरीज के अहम मुकाबले में भारत ए और श्रीलंका ए की टीमें आमने-सामने हैं। मुकाबले में श्रीलंका ए ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। ऐसे में भारतीय बल्लेबाजों पर बड़ा स्कोर खड़ा करने की जिम्मेदारी होगी। मौसम विभाग की ओर से बारिश की आशंका भी जताई गई है, जिससे मैच के समीकरण किसी भी समय बदल सकते हैं।
भारतीय पारी का आगाज वैभव सूर्यवंशी और प्रभसिमरन सिंह ने किया है। इस मुकाबले में सबसे ज्यादा निगाहें युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर टिकी हैं, जो अब तक टूर्नामेंट में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सके हैं। ऐसे में मेजबान टीम के खिलाफ यह मैच उनके लिए खुद को साबित करने का सुनहरा अवसर माना जा रहा है।
पिछली हार का हिसाब बराबर करने उतरी टीम इंडिया ए
भारत ए की टीम अपने पिछले मुकाबले में अफगानिस्तान ए के खिलाफ बेहद करीबी हार झेल चुकी है। बारिश से प्रभावित उस मुकाबले में डकवर्थ-लुईस नियम के तहत अफगानिस्तान ए ने भारत को चार रन से पराजित कर दिया था।
उस मैच में भारत ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49 ओवर में 349 रन का विशाल स्कोर बनाया था। प्रभसिमरन सिंह ने 84 रन की शानदार पारी खेली थी, जबकि रुतुराज गायकवाड़ और कप्तान तिलक वर्मा ने 66-66 रन का योगदान दिया था। इसके बावजूद भारतीय गेंदबाज विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखने में सफल नहीं रहे।
अफगानिस्तान ए की ओर से कप्तान इमरान मीर ने 75 रन और बहिर शाह ने नाबाद 51 रन बनाकर टीम को मुकाबले में बनाए रखा। बारिश के समय अफगानिस्तान डकवर्थ-लुईस स्कोर में आगे था, जिसके चलते भारत को हार का सामना करना पड़ा।
श्रीलंका ए के खिलाफ पहले मुकाबले में मिली थी जीत
इससे पहले भारत ए ने इसी टूर्नामेंट में श्रीलंका ए को रोमांचक मुकाबले में आठ रन से हराया था। हालांकि उस मैच में भी भारतीय गेंदबाजों को अंतिम ओवरों में कड़ी मेहनत करनी पड़ी थी। अब टीम इंडिया ए की कोशिश मेजबान टीम के खिलाफ दूसरी जीत दर्ज कर अंकतालिका में अपनी स्थिति मजबूत करने की होगी।
भारत ए की प्लेइंग इलेवन
प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, रुतुराज गायकवाड़, तिलक वर्मा (कप्तान), आयुष बडोनी, सूर्यांश शेडगे, निशांत सिंधु, अनुकूल रॉय, अरशद खान, विप्रज निगम, यश ठाकुर।
श्रीलंका ए की प्लेइंग इलेवन
निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), अविष्का फर्नांडो, विशेन हलंबगे, सदीरा समरविक्रमा, अहान विक्रमसिंघे, सहान अराचिगे (कप्तान), वानुजा सहान, विजयकांत वियास्कंथ, कुगथास मथुलन, चमिका करुणारत्ने, मोहम्मद शिराज।