यूपी पुलिस में 81,472 पदों पर भर्ती तेज करने के निर्देश, सीएम योगी बोले- प्रक्रिया में पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता

0 10

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश पुलिस बल को और अधिक सशक्त, आधुनिक और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 81,472 पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रियाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी चयन प्रक्रियाएं तय समयसीमा में पूरी की जाएं और पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता तथा शुचिता के साथ भर्ती सुनिश्चित हो।

भर्ती प्रक्रिया में तकनीक आधारित निगरानी पर जोर
मुख्यमंत्री ने पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की समीक्षा बैठक में निर्देश दिए कि भर्ती प्रक्रियाओं की निगरानी तकनीक आधारित प्रणाली से और मजबूत की जाए। उन्होंने कहा कि आरक्षण मानकों का पूर्ण पालन करते हुए प्रत्येक चयन निष्पक्ष रूप से होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने भर्ती बोर्ड की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए नियमित मॉनिटरिंग और डिजिटल संसाधनों के अधिकतम उपयोग पर जोर दिया।

81 हजार से अधिक पदों पर भर्ती जारी
बैठक में जानकारी दी गई कि वर्तमान में कुल 81,472 पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। इनमें उप निरीक्षक नागरिक पुलिस के 4,543 पद, होमगार्ड्स के 41,424 पद, आरक्षी नागरिक पुलिस के 32,679 पद, कंप्यूटर ऑपरेटर के 1,352 पद, लिपिकीय एवं लेखा संवर्ग के 537 पद, प्रोग्रामर ग्रेड-2 के 55 पद, रेडियो सहायक परिचालक के 44 पद, कुशल खिलाड़ी भर्ती के 637 पद और मृतक आश्रित कोटे के 201 पद शामिल हैं।

परीक्षा और परिणामों की समयसीमा तय
उप निरीक्षक नागरिक पुलिस भर्ती-2025 के लिए दस्तावेज सत्यापन और शारीरिक मानक परीक्षण जून में प्रस्तावित हैं, जबकि अंतिम परिणाम जुलाई के तीसरे सप्ताह में जारी किए जाने की योजना है। होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया का परिणाम सितंबर के दूसरे सप्ताह तक आने की संभावना है। आरक्षी एवं समकक्ष पदों की लिखित परीक्षा 8, 9 और 10 जून 2026 को होगी, जिसमें करीब 28 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसका अंतिम परिणाम अक्टूबर 2026 के अंतिम सप्ताह तक घोषित करने का लक्ष्य रखा गया है।

भर्ती और पदोन्नति में लगातार प्रगति
बैठक में बताया गया कि वर्ष 2017 से मई 2026 तक पुलिस भर्ती बोर्ड ने विभिन्न संवर्गों में कुल 2,21,245 अभ्यर्थियों का चयन किया है। इसी अवधि में 1,60,819 पुलिस कर्मियों को पदोन्नति भी दी गई है। वर्तमान में 9,406 पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया भी जारी है।

सीएम का सख्त संदेश और लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस देश की सबसे बड़ी और महत्वपूर्ण पुलिस बलों में से एक है, इसलिए भर्ती और पदोन्नति प्रक्रियाओं को तेज, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाना बेहद जरूरी है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी लक्ष्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं ताकि योग्य युवाओं को अवसर मिले और प्रदेश की कानून-व्यवस्था और मजबूत हो सके।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.