गाजियाबाद की नई पुलिस कमिश्नर बनीं IPS लक्ष्मी सिंह, जानिए उनका सफर!

0 23

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 28 आईपीएस अधिकारियों के तबादले के बाद 2000 बैच की आईपीएस अधिकारी लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। इससे पहले वह गौतमबुद्धनगर की पुलिस कमिश्नर थीं और इस पद पर नियुक्त होने वाली जिले की पहली महिला अधिकारी भी बनी थीं। अपने अब तक के करियर में वह कई महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं। आगरा में डीआईजी रहने के साथ उन्होंने फर्रुखाबाद और बुलंदशहर समेत कई जिलों में पुलिस कप्तान के रूप में काम किया है।

लक्ष्मी सिंह का जन्म और शुरुआती पढ़ाई लखनऊ में हुई। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा शहर के लोरेटो कॉन्वेंट इंटरमीडिएट कॉलेज से पूरी की। इसके बाद इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (आईईटी), लखनऊ से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री हासिल की। आगे चलकर उन्होंने समाजशास्त्र में परास्नातक भी किया। वह पढ़ाई के दौरान गोल्ड मेडल भी हासिल कर चुकी हैं।

यूपीएससी में हासिल की थी 33वीं रैंक

लक्ष्मी सिंह ने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में 33वीं रैंक हासिल की थी। इसके बाद उनका चयन भारतीय पुलिस सेवा में हुआ। वह वर्ष 2000 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं। उत्तर प्रदेश कैडर में सेवा के दौरान उन्हें अलग-अलग जिलों और महत्वपूर्ण पुलिस इकाइयों में काम करने का अनुभव मिला है।

STF में डीआईजी से लेकर कई जिलों की कमान तक संभाली

लक्ष्मी सिंह पुलिस विभाग में कई अहम जिम्मेदारियां निभा चुकी हैं। वह स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) में डीआईजी के पद पर भी तैनात रह चुकी हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई जिलों में पुलिस अधीक्षक के रूप में काम किया। इसके अलावा आगरा में डीआईजी की जिम्मेदारी भी संभाली।

विकास दुबे प्रकरण की जांच से जुड़े मामलों में भी उनकी भूमिका रही है। अलग-अलग जिलों में तैनाती के दौरान उन्होंने कई दुर्दांत अपराधियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई का नेतृत्व किया।

प्रधानमंत्री और गृह मंत्रालय से मिल चुके हैं सम्मान

लक्ष्मी सिंह को उनकी सेवाओं के लिए कई सम्मान मिल चुके हैं। उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से सिल्वर बैटन, गृह मंत्रालय की ओर से 9 एमएम पिस्टल और मुख्यमंत्री की ओर से उत्कृष्ट सेवा के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया जा चुका है।

पति राजेश्वर सिंह भी रह चुके हैं आईपीएस अधिकारी

लक्ष्मी सिंह के पति राजेश्वर सिंह भी भारतीय पुलिस सेवा में रह चुके हैं। वह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) में ज्वाइंट डायरेक्टर के पद पर काम कर चुके हैं। बाद में उन्होंने राजनीति में कदम रखा और वर्तमान में लखनऊ की सरोजिनी नगर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक हैं।

अब लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले वह गौतमबुद्धनगर में पुलिस कमिश्नर के पद पर तैनात थीं। उनके तबादले के बाद गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर, दोनों कमिश्नरेट में नए पुलिस प्रमुखों की तैनाती हुई है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.