ट्विटर पर कंगना रणौत की वापसी, जानिए क्यों हुआ था अकाउंट सस्पेंड

0 330

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत की माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर वापसी हो गई है. कंगना रनौत ने खुद इस बात की जानकारी एक ट्वीट के ज़रिए दी है. उन्होंने इस प्लेटफॉर्म पर वापसी करने पर खुशी ज़ाहिर की है. साल 2021 में कथित तौर पर कई आपत्तिजनक ट्वीट के बाद कंगना रनौत का ट्विटर अकाउंट सस्पेंड कर दिया गया था.

कंगना ने मंगलवार को शाम करीब 5 बजकर 32 मिनट पर ट्वीट किया, “हैलो, यहां वापस आकर अच्छा लग रहा है.” कुछ ही देर में कंगना के इस ट्वीट को करीब 8 हज़ार लाइक्स और एक हज़ार रीट्वीट्स मिल गए. कंगना ने अकाउंट रिस्टोर होने की जानकारी इंस्टा पर भी दी है.

आपको बता दें कि पश्चिम बंगाल चुनाव के नतीजों के बाद कंगना रनौत ने कई ट्वीट किए थे. चुनाव में टीएमसी 200 से ज्यादा सीटें लेकर आई थी, जबकि बीजेपी 77 सीटों पर ही सिमट गई थी. इन नतीजों के बाद कंगना ने कई ट्वीट किए. उन्होंने अपने एक ट्वीट में पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी का नाम लिए बिना आपत्तिजनक बातें लिखी थीं. इसके बाद ही उनके अकाउंट के खिलाफ कई यूजर्स ने रिपोर्ट किया, जिसके बाद ट्विटर ने एक्शन लेते हुए अकाउंट सस्पेंड कर दिया था.

कंगना रनौत ने दूसरे ही ट्वीट में अपनी अपकमिंग फिल्म इमरजेंसी की रिलीज़ की तारीख का भी एलान कर दिया है. कंगना ने इमरजेंसी की मेकिंग का एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा है, “और फिल्म की शूटिंग पूरी हुई. 20 अक्टूबर 2023 को सिनेमाघरों में मिलते हैं.”

कंगना रनौत एक वक्त पर ट्विटर पर काफी मुखर रहा करती थी. साल 2021 के मई में उनके अकाउंट को ट्विटर के नियमों का उल्लंघन करने के मामले में बंद कर दिया गया था. कंगना के ट्विटर पर 2.9 मिलियन फोलोवर्स हैं और वो 275 लोगों को फोलो करती हैं. कंगना आखिरी बार चार मई 2021 को ट्विटर पर एक्टिव थीं, तब उन्होंने एक ट्वीट को रीट्वीट किया था.

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.