राहुल के साथ रहकर बदली खड़गे की भाषा… बंगाल में अमित शाह का कांग्रेस-टीएमसी पर तीखा हमला

0 30

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दमदम उत्तर विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और टीएमसी पर जोरदार हमला बोला। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दिए बयान को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी।

खड़गे के बयान पर शाह का पलटवार
अमित शाह ने कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे पहले इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं करते थे, लेकिन राहुल गांधी के साथ रहने का असर अब साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल के साथ रहकर ही कांग्रेस अध्यक्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आतंकवादी जैसे शब्दों से संबोधित कर रहे हैं।

‘जितनी गाली, उतना खिलेगा कमल’
कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि जितना विपक्ष प्रधानमंत्री मोदी पर आरोप लगाएगा और कीचड़ उछालेगा, उतना ही भारतीय जनता पार्टी मजबूत होगी। उन्होंने दावा किया कि इस बार के चुनाव के बाद पश्चिम बंगाल में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा और ममता बनर्जी की विदाई तय है।

बंगाल में ‘स्थानीय मुख्यमंत्री’ का वादा
जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने एक बार फिर दोहराया कि यदि राज्य में भाजपा की सरकार बनती है तो मुख्यमंत्री बंगाल का ही रहने वाला व्यक्ति होगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे टीएमसी के बहकावे में न आएं और सोच-समझकर मतदान करें।

आतंकवाद और कार्रवाई पर भी साधा निशाना
अपने भाषण में शाह ने पहलगाम हमले और ऑपरेशन सिंदूर का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों में आतंकियों के साथ नरमी बरती जाती थी, लेकिन भाजपा सरकार आने के बाद आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई और आतंकियों को उनके ठिकानों में घुसकर जवाब दिया गया।

‘4 मई को दीदी का टाटा-बाय-बाय’
अमित शाह ने ममता बनर्जी और टीएमसी पर हमला जारी रखते हुए कहा कि 4 मई को मतगणना के साथ ही राजनीतिक तस्वीर साफ हो जाएगी। उन्होंने दावा किया कि दोपहर 1 बजे तक परिणाम आते-आते ममता बनर्जी की विदाई तय हो जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद सिंडिकेट राज खत्म हो जाएगा और ऐसे तत्व राज्य छोड़ने पर मजबूर होंगे।

महिला आरक्षण और टीएमसी पर आरोप
शाह ने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण बिल को पास होने से रोकने में टीएमसी और कांग्रेस की भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि इन दलों ने मिलकर महिलाओं को संसद और विधानसभा में प्रतिनिधित्व से वंचित किया है और जनता से अपील की कि वे इसका जवाब मतदान के जरिए दें।

घुसपैठ और विवादित मुद्दों पर भी बयान
जनसभा में अमित शाह ने लोगों से कहा कि वे 29 तारीख को मतदान करें, लेकिन यह वोट केवल सरकार बनाने के लिए नहीं, बल्कि घुसपैठ मुक्त बंगाल के लिए होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि राज्य में भाजपा की सरकार बनती है तो बाबरी मस्जिद को दोबारा बनने नहीं दिया जाएगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.