नोएडा-ग्रेटर नोएडा में लेबर विवाद शांत: प्रशासन की पहल से काम पर लौटे श्रमिक, 7 FIR दर्ज, कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने की शांति की अपील
गौतम बुद्ध नगर के नोएडा और ग्रेटर नोएडा में फैक्ट्री लेबर के उग्र प्रदर्शन के बाद अब हालात सामान्य हो गए हैं। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने जानकारी दी कि प्रशासन और सरकार के हस्तक्षेप के बाद श्रमिकों की प्रमुख मांगों को मान लिया गया है, जिसके चलते मजदूर दोबारा अपने काम पर लौट आए हैं।
सैलरी बढ़ोतरी और सुविधाओं पर बनी सहमति
कमिश्नर के मुताबिक, श्रमिकों की सैलरी बढ़ाने, ओवरटाइम भुगतान सुनिश्चित करने और कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न से संबंधित शिकायतों के लिए कमेटी गठित करने जैसी मांगों को कंपनियों ने स्वीकार कर लिया है। फैक्ट्रियों के बाहर बढ़ी हुई सैलरी से जुड़े नोटिस भी लगाए गए हैं, जिससे श्रमिकों में भरोसा बना और उन्होंने काम फिर से शुरू कर दिया।
7 FIR दर्ज, कई लोगों की गिरफ्तारी
मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए अब तक 7 एफआईआर दर्ज की हैं। कई लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। पुलिस के अनुसार, कुछ सोशल मीडिया अकाउंट्स की पहचान की गई है, जिन्हें हाल ही में लोगों को भड़काने के उद्देश्य से बनाया गया था।
प्रदर्शन में बाहरी लोगों की भूमिका पर जांच
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए कुछ लोग संबंधित फैक्ट्री के कर्मचारी नहीं थे, जबकि कुछ ने हाल ही में नौकरी ज्वाइन की थी। इन पर प्रदर्शन को उकसाने का संदेह है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इनमें कुछ लोग अन्य राज्यों से भी आए थे।
स्थिति पर कड़ी नजर, शांति बनाए रखने की अपील
बाहरी कनेक्शन को लेकर उठ रहे सवालों पर पुलिस कमिश्नर ने कहा कि अभी तक कोई ठोस निष्कर्ष नहीं निकला है और जांच जारी है। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल, पुलिस कमिश्नर समेत वरिष्ठ अधिकारी नोएडा फेस-2 इलाके में लगातार पैट्रोलिंग कर रहे हैं और पूरे हालात पर नजर बनाए हुए हैं।