नई दिल्ली: भारतीय स्मार्टफोन निर्माता कंपनी लावा 24 जुलाई को अपनी नई Virat स्मार्टफोन सीरीज लॉन्च करने जा रही है। इस सीरीज के तहत Lava Virat V1 5G और Lava Virat V1 को भारतीय बाजार में पेश किया जाएगा। लॉन्च से पहले कंपनी ने दोनों स्मार्टफोन के प्रमुख फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स का खुलासा कर दिया है।
Lava Virat V1 5G में मिलेंगे ये फीचर्स
Lava Virat V1 5G में 6.75 इंच का HD+ डिस्प्ले दिया जाएगा, जो 120Hz रिफ्रेश रेट के साथ आएगा। फोन को IP64 रेटिंग मिलेगी, जिससे यह धूल और पानी की छींटों से सुरक्षित रहेगा।
यह स्मार्टफोन UNISOC T8200 प्रोसेसर, 4GB रैम और 64GB इंटरनल स्टोरेज के साथ आएगा। इसमें 4GB तक वर्चुअल रैम का भी सपोर्ट मिलेगा, जिससे बेहतर मल्टीटास्किंग का अनुभव मिलेगा।
फोटोग्राफी के लिए फोन में 13 मेगापिक्सल का AI डुअल रियर कैमरा और 5 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिलेगा। वहीं, पावर के लिए 6000mAh की बड़ी बैटरी दी जाएगी। कंपनी का दावा है कि फोन में बिना विज्ञापनों और ब्लोटवेयर वाला क्लीन एंड्रॉयड अनुभव मिलेगा। यह स्मार्टफोन Arya Blue और Sonar Gold रंगों में उपलब्ध होगा।
Lava Virat V1 के स्पेसिफिकेशन्स
Lava Virat V1 में भी 6.75 इंच का HD+ डिस्प्ले मिलेगा। यह स्मार्टफोन UNISOC SC9863A प्रोसेसर से लैस होगा। इसमें 4GB रैम, 4GB वर्चुअल रैम और 64GB इंटरनल स्टोरेज का विकल्प मिलेगा।
कैमरा सेटअप की बात करें तो इसमें 13 मेगापिक्सल का AI डुअल रियर कैमरा और 5 मेगापिक्सल का सेल्फी कैमरा मिलेगा। फोन में 5000mAh की बैटरी और IP64 डस्ट एवं वाटर रेजिस्टेंस का सपोर्ट भी दिया जाएगा। यह मॉडल Nilgiri Blue और Himalayan Silver रंगों में आएगा।
24 जुलाई से शुरू होगी बिक्री
कंपनी ने पुष्टि की है कि दोनों स्मार्टफोन 24 जुलाई को लॉन्च किए जाएंगे। लॉन्च के बाद इनकी बिक्री फ्लिपकार्ट के जरिए शुरू होगी। इसके साथ ही ग्राहकों को कंपनी की ओर से फ्री सर्विस एट होम की सुविधा भी मिलेगी। हालांकि, दोनों स्मार्टफोन की कीमत का खुलासा अभी नहीं किया गया है।