UPSC CAPF परीक्षा 2026: गौतमबुद्धनगर के 4 केंद्रों पर होगी परीक्षा, प्रशासन ने सुरक्षा और नकल रोकने के लिए कसी कमर

0 28

गौतमबुद्धनगर: संघ लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित होने वाली सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स (सीएपीएफ) परीक्षा-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 19 जुलाई, रविवार को जनपद के चार परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

दो पालियों में होगी परीक्षा

बैठक में सेक्टर मजिस्ट्रेट, लोकल इंस्पेक्टिंग ऑफिसर और केंद्र व्यवस्थापकों के साथ परीक्षा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पहली पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक निर्धारित समय पर पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाए।

आयोग के मानकों के अनुरूप पूरी हों तैयारियां

अपर जिलाधिकारी अजीत कुमार सिंह ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा से पहले सभी व्यवस्थाएं संघ लोक सेवा आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकलमुक्त तरीके से संपन्न कराने में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की अहम भूमिका है। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ समय पर अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर जिम्मेदारियों का निर्वहन सुनिश्चित करें।

सीसीटीवी और मूलभूत सुविधाओं की होगी जांच

बैठक में सेक्टर मजिस्ट्रेट और लोकल इंस्पेक्टिंग ऑफिसर को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करें कि सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों और सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह से सुचारू स्थिति में कार्य कर रहे हों। यदि कहीं कोई कमी या तकनीकी समस्या मिले तो उसका तत्काल समाधान कराया जाए।

इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर रहेगी कड़ी निगरानी

पुलिस विभाग के अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश के दौरान अभ्यर्थियों की सघन जांच करने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि कोई भी परीक्षार्थी किसी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक गैजेट परीक्षा केंद्र के भीतर लेकर न जा सके।

अधिकारियों को दिए गए संचालन संबंधी दिशा-निर्देश

बैठक के दौरान संघ लोक सेवा आयोग द्वारा नामित अधिकारी मुकेश मीणा ने उपस्थित अधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों और परीक्षा संचालन की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी, ताकि परीक्षा के दौरान सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित की जा सकें।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

समीक्षा बैठक में डीसीपी मुख्यालय शव्या गोयल, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर, सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, लोकल इंस्पेक्टिंग ऑफिसर, केंद्र व्यवस्थापक तथा जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.