दीपावली से पहले नोएडा-ग्रेटर नोएडा में खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन, बिग बास्केट-ब्लिंकिट समेत 16 स्टोरों को नोटिस
गौतमबुद्धनगर: दीपावली के त्योहार को देखते हुए जिले में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के वेयरहाउस और स्टोरों के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है। 24 और 25 अक्टूबर को चलाए गए अभियान के दौरान कुल 18 वेयरहाउस और स्टोरों की जांच की गई। इनमें साफ-सफाई की कमी और जरूरी दस्तावेज मौके पर उपलब्ध नहीं होने पर 16 प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए गए। साथ ही पनीर, मूंगफली के दाने और तिल के तेल के तीन नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए।
जिलाधिकारी के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य दीपावली के दौरान लोगों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराना है। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा विभाग की अलग-अलग टीमों ने जिले के कई इलाकों में ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म से जुड़े स्टोरों और वेयरहाउस का निरीक्षण किया।
बिग बास्केट, ब्लिंकिट और जोमैटो हाइपरमार्ट की जांच
अभियान के तहत ग्रेटर नोएडा के इकोटेक-3 स्थित बिग बास्केट और ब्लिंकिट के वेयरहाउस का निरीक्षण किया गया। यहां साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने और आवश्यक अभिलेख मौके पर प्रस्तुत नहीं किए जाने पर सुधार नोटिस जारी किए गए। जोमैटो हाइपरमार्ट में भी खामियां मिलने पर नोटिस दिया गया।
दादरी स्थित स्विगी और जोमैटो हाइपरमार्ट की भी जांच की गई। जोमैटो हाइपरमार्ट से पनीर का एक नमूना लिया गया। यहां साफ-सफाई की कमी और जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने पर सुधार नोटिस जारी किया गया।
ब्लिंकिट स्टोर से मूंगफली का नमूना लिया
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सूरजपुर, ग्रेटर नोएडा के बीटा-1 और नोएडा के सेक्टर-62 स्थित ब्लिंकिट स्टोरों की भी जांच की। इन स्थानों पर साफ-सफाई की उचित व्यवस्था नहीं मिलने और आवश्यक दस्तावेज समय पर प्रस्तुत नहीं किए जाने पर नोटिस जारी किए गए। सूरजपुर स्थित स्टोर से मूंगफली के दाने का एक नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया।
जेप्टो के कोल्ड रूम का संचालन बंद कराया
नोएडा के सेक्टर-135 स्थित जेप्टो स्टोर के निरीक्षण में कोल्ड रूम की सफाई व्यवस्था खराब और वहां अव्यवस्था पाई गई। विभाग ने जरूरी सुधार होने तक कोल्ड रूम का संचालन बंद करा दिया। आवश्यक अभिलेख मौके पर प्रस्तुत नहीं किए जाने पर स्टोर को सुधार नोटिस भी जारी किया गया।
इसके अलावा पी-1 ग्रेटर नोएडा स्थित जियो मार्ट, पी-3 ग्रेटर नोएडा स्थित केवी इंटरप्राइजेज और जेप्टो स्टोर, इटहेरा के इकोटेक-4 स्थित ए एंड डी नेटवर्क प्राइवेट लिमिटेड, सेक्टर-128 नोएडा स्थित पीवाईडी रिटेल प्राइवेट लिमिटेड के स्विगी स्टोर, शाहदरा नोएडा स्थित जेप्टो डार्क स्टोर, मथुरापुर ग्रेटर नोएडा स्थित पीजे टीजे टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड और तुगलपुर स्थित अमेजन स्टोर की भी जांच की गई।
कामगारों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र समेत जरूरी दस्तावेज नहीं मिले
निरीक्षण के दौरान कई प्रतिष्ठानों पर कामगारों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र, पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट और एक्सपायरी डेट वाले खाद्य पदार्थों को स्टोर से कितने दिन पहले हटाया जाना है, इससे संबंधित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जैसे जरूरी दस्तावेज मौके पर उपलब्ध नहीं पाए गए। इन कमियों के चलते संबंधित प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए गए।
मथुरापुर, ग्रेटर नोएडा स्थित पीजे टीजे टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड से तिल के तेल का एक नमूना भी लिया गया। इस तरह अभियान में कुल तीन नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेजे गए।
खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत
विभाग ने सभी संबंधित प्रतिष्ठानों को निर्देश दिया कि खाद्य सुरक्षा से जुड़े आवश्यक दस्तावेज स्टोरों पर सुरक्षित रखें और मांगने पर अधिकारियों को उपलब्ध कराएं। साथ ही खाद्य सामग्री की खरीद, भंडारण और उपभोक्ताओं तक आपूर्ति के दौरान निर्धारित खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करें।
इस अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र द्विवेदी के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओमपाल सिंह, अमर बहादुर सरोज, मुकेश कुमार, विजय बहादुर पटेल, रविंद्र नाथ वर्मा, विशाल गुप्ता और रितु सक्सेना शामिल रहे।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर आगे भी जांच अभियान जारी रहेगा। इस दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी जांच कराई जाएगी, ताकि दीपावली के अवसर पर जिले के लोगों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराए जा सकें।