बिहार में बड़ा सड़क हादसा: बीजेपी विधायक संजय गुप्ता की कार बेगूसराय में पलटी, पत्नी-बेटी समेत अस्पताल में भर्ती
बिहार से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां पटना की कुम्हरार सीट से बीजेपी विधायक संजय गुप्ता की गाड़ी सड़क हादसे का शिकार हो गई। यह दुर्घटना बेगूसराय के जीरोमाइल के पास हुई, जब वे पश्चिम बंगाल से पटना लौट रहे थे। हादसे में विधायक संजय गुप्ता घायल हो गए हैं और उन्हें उनके परिवार के साथ बेगूसराय के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
देर रात 3 बजे हुआ हादसा, गाड़ी में परिवार भी था मौजूद
जानकारी के मुताबिक यह दुर्घटना सोमवार देर रात करीब 3 बजे हुई। उस समय गाड़ी में विधायक संजय गुप्ता के साथ उनकी पत्नी और बेटी भी मौजूद थीं। हादसे के तुरंत बाद उन्होंने खुद स्थानीय बीजेपी नेताओं को फोन कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने सभी को अस्पताल पहुंचाया।
विधायक ने खुद दी हादसे की सूचना
स्थानीय बीजेपी नेता अमरेंद्र कुमार अमर ने बताया कि रात करीब 3 बजे उन्हें संजय गुप्ता का फोन आया, जिसमें उन्होंने सड़क हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलते ही वे तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे, जहां विधायक की गाड़ी सड़क पर पलटी हुई मिली। इसके बाद उन्होंने बिना देरी किए सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
सड़क पर गिरे ट्रक के टायर से हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना की वजह सड़क पर पड़ा ट्रक का स्टेपनी टायर बताया जा रहा है। बताया गया कि ड्राइवर अंधेरे में उसे देख नहीं सका, जिसके चलते गाड़ी असंतुलित होकर पलट गई। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।