अंबेडकर जयंती पर दिल्ली-नोएडा में ट्रैफिक अलर्ट: कई मार्गों पर डायवर्जन लागू, इन सड़कों से बचें वरना लग सकता है लंबा जाम

0 29

नई दिल्ली और नोएडा में आज अंबेडकर जयंती के मौके पर आयोजित कार्यक्रमों को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं। दिल्ली और नोएडा पुलिस ने एडवाइजरी जारी करते हुए साफ किया है कि कई प्रमुख सड़कों पर डायवर्जन लागू रहेगा और दिनभर यातायात प्रभावित हो सकता है। ऐसे में वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे घर से निकलने से पहले रूट प्लानिंग कर लें और निर्धारित मार्गों का ही इस्तेमाल करें।

जनसभा और शोभा यात्रा से मध्य दिल्ली में ट्रैफिक दबाव

डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर दिल्ली में बड़े स्तर पर जनसभा और शोभा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक रामलीला मैदान में जनसभा होगी, जिसके बाद शोभा यात्रा निकलेगी। यह यात्रा शहर के कई व्यस्त इलाकों से गुजरते हुए पहाड़गंज स्थित अंबेडकर भवन पर समाप्त होगी। इस दौरान सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक मध्य दिल्ली के कई हिस्सों में ट्रैफिक पर असर पड़ने की संभावना है।

इन प्रमुख मार्गों पर आवाजाही प्रभावित

जुलूस के चलते रामलीला मैदान से निकलकर अजमेरी गेट, श्रद्धानंद मार्केट, खारी बावली, कुतुब रोड, सदर बाजार, बारा टूटी चौक, पहाड़ी धीरज, फिल्मिस्तान, मानकपुरा, सीधी पुरा, ईस्ट पार्क रोड, डीबी गुप्ता रोड, गुरु रविदास मार्ग, देव नगर, कीकर वाला चौक, हाथी वाला चौक, रेगर पुरा, आर्य समाज रोड, डॉ. अंबेडकर मार्ग और रानी झांसी रोड जैसे इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। इसके अलावा जेएलएन मार्ग, आसफ अली रोड, चमन लाल मार्ग, मिंटो रोड और अजमेरी गेट जैसे मार्गों पर भी भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई जा सकती है।

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, जुलूस की स्थिति के आधार पर समय-समय पर मार्ग बदले जाएंगे और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त पाबंदियां भी लागू की जा सकती हैं।

नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर भी डायवर्जन लागू

नोएडा में दलित प्रेरणा स्थल पर कार्यक्रम के चलते एक्सप्रेसवे पर भी ट्रैफिक दबाव बढ़ने की आशंका है। ग्रेटर नोएडा से नोएडा आने वाले वाहनों को जरूरत पड़ने पर महामाया फ्लाईओवर से सेक्टर-37 की ओर डायवर्ट किया जाएगा, जहां से अट्टापीर चौक, रजनीगंधा चौक और सेक्टर-15 गोलचक्कर के जरिए गंतव्य तक पहुंचा जा सकेगा।

इसी तरह, फिल्मसिटी फ्लाईओवर से सेक्टर-18 की ओर भी ट्रैफिक को मोड़ा जा सकता है। वहीं नोएडा से ग्रेटर नोएडा की ओर जाने वाले वाहनों को डीएनडी और फिल्मसिटी के पास दबाव बढ़ने पर सेक्टर-14ए फ्लाईओवर से सेक्टर-15 की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

पार्किंग के लिए बनाए गए विशेष इंतजाम

कार्यक्रम में आने वाले लोगों के लिए विशेष पार्किंग व्यवस्था की गई है। परी चौक, सेक्टर-37 और ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ओर से आने वाले वाहनों को दलित प्रेरणा स्थल के गेट नंबर-1 के अंदर पार्क किया जाएगा। दिल्ली की ओर से आने वाले वाहनों के लिए फिल्मसिटी की मल्टीलेवल पार्किंग निर्धारित की गई है, जबकि कालिंदी कुंज की ओर से आने वाले वाहनों को सेक्टर-95 स्थित अंडरग्राउंड पार्किंग में जगह दी जाएगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.