सलारपुर को विकास परियोजनाओं की सौगात, सांसद महेश शर्मा और विधायक पंकज सिंह ने करोड़ों के कार्यों का किया लोकार्पण

0 22

गौतमबुद्धनगर: नोएडा के ग्राम सलारपुर में विकास कार्यों को नई गति देते हुए सांसद डॉ. महेश शर्मा और विधायक पंकज सिंह ने करोड़ों रुपये की लागत से पूर्ण और प्रस्तावित विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों की उपस्थिति रही।

लोकार्पित परियोजनाओं में ग्राम सलारपुर में सामुदायिक केंद्र निर्माण कार्य, सड़क एवं नाली से जुड़े नागरिक सुविधाओं के विकास कार्य तथा सेक्टर-101 मेट्रो स्टेशन से डीएससी रोड तक सिंचाई नाले की आरसीसी दीवार निर्माण परियोजना शामिल हैं। इन परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने का लक्ष्य रखा गया है।

सामुदायिक केंद्र के निर्माण पर खर्च होंगे 3 करोड़ से अधिक

ग्राम सलारपुर में सामुदायिक केंद्र निर्माण कार्य का लोकार्पण किया गया, जिसकी अनुमानित लागत 3 करोड़ 6 लाख 58 हजार रुपये निर्धारित की गई है। यह केंद्र सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक गतिविधियों के लिए स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।

सड़क, नाली और मरम्मत कार्यों पर 3.77 करोड़ रुपये की लागत

इसके अलावा ग्राम सलारपुर में सीसी रोड, नाली, कलवर्ट, एमएस जाल और अन्य सिविल मरम्मत कार्यों की परियोजना का भी लोकार्पण किया गया। इस कार्य पर लगभग 3 करोड़ 77 लाख 33 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और जल निकासी व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

सिंचाई नाले की आरसीसी दीवार निर्माण को मिली मंजूरी

सेक्टर-101 मेट्रो स्टेशन से डीएससी रोड तक सिंचाई नाले की आरसीसी दीवार निर्माण परियोजना भी इस अवसर पर शुरू की गई। करीब 2 करोड़ 13 लाख 71 हजार रुपये की लागत वाली यह परियोजना नाले के संरक्षण और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा एवं सुचारु जल प्रवाह सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम के दौरान नोएडा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष विपुल शर्मा, मंडल अध्यक्ष नीजर चौधरी, मंडल उपाध्यक्ष प्रवीन झा, मंडल मंत्री अंकित भाटी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

वहीं नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी एस.पी. सिंह और महाप्रबंधक ए.के. अरोड़ा सहित प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया और विकास कार्यों के लिए जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।

क्षेत्रीय विकास को मिलेगी नई रफ्तार

स्थानीय लोगों का मानना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से ग्राम सलारपुर में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी। सड़क, जल निकासी और सामुदायिक सुविधाओं के मजबूत होने से आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.