बारिश के बाद जलभराव पर नोएडा प्राधिकरण का बड़ा एक्शन, जेई बर्खास्त, सुपरवाइजर की सेवा समाप्त, दो प्रबंधकों पर भी गिरी गाज

0 21

नोएडा: ग्राम बरौला में लंबे समय से बनी हुई जलभराव की समस्या और मंगलवार की बारिश के दौरान उत्पन्न गंभीर स्थिति को लेकर नोएडा प्राधिकरण ने कड़ा रुख अपनाया है। मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश ने जल निकासी व्यवस्था में लापरवाही और विकास कार्यों में शिथिलता पर गहरा रोष जताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

मामले की समीक्षा के बाद मुख्य कार्यपालक अधिकारी के निर्देश पर ड्यूटी में घोर लापरवाही और कार्यों में शिथिलता बरतने के आरोप में जूनियर इंजीनियर पार्थ राठौड़ तथा सुपरवाइजर मांगेराम की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं।

दो प्रबंधकों को मिली प्रतिकूल प्रविष्टि

जलभराव की स्थिति पर प्रभावी नियंत्रण नहीं रख पाने के कारण सिविल प्रबंधक करण सिंह त्यागी और जल एवं सीवर प्रबंधक रमेन्द्र को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। प्राधिकरण ने इसे कार्य में लापरवाही मानते हुए विभागीय कार्रवाई की है।

सभी वर्क सर्किल को अंतिम चेतावनी

मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने सभी वर्क सर्किल के अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि भविष्य में यदि किसी भी क्षेत्र में जलभराव या अन्य मूलभूत समस्याओं का समय पर समाधान नहीं किया गया, तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ इससे भी अधिक कठोर कार्रवाई की जाएगी।

राहत और गुणवत्तापूर्ण कार्य पर रहेगा फोकस

प्राधिकरण प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उसका प्रमुख उद्देश्य शहरवासियों को जलभराव जैसी समस्याओं से राहत दिलाना और विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को पूरी जिम्मेदारी और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.