नोएडा को मिलेगा इंटरनेशनल लुक: सेक्टर-94 में जापानी थीम पर तैयार हो रहा ‘जापानीज पार्क’, 8.76 करोड़ की लागत से तेजी से चल रहा निर्माण
नोएडा। नवीन ओखला औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा शहर को अंतरराष्ट्रीय पहचान देने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। सेक्टर-94 में जापानी थीम पर आधारित ‘जापानीज पार्क’ का निर्माण तेजी से जारी है, जिसे नोएडा के प्रमुख आकर्षण केंद्रों में शामिल करने की तैयारी है।
नोएडा की हरित छवि को नई दिशा
नोएडा पहले से ही हाईराइज इमारतों, मेट्रो नेटवर्क, फ्लाईओवर, औद्योगिक इकाइयों और संस्थागत ढांचे के कारण देश-विदेश में अपनी अलग पहचान रखता है। इसमें उद्यान विभाग की भूमिका भी अहम रही है, जो हर साल पार्कों, ग्रीन बेल्ट और सड़क किनारे पौधारोपण के जरिए शहर की हरितिमा को बढ़ाता रहा है।
इसी कड़ी में अब नए थीम आधारित पार्कों का विकास किया जा रहा है, जिनमें वेस्ट टू वंडर पार्क, वेदवन, औषधि पार्क, बायोडायवर्सिटी पार्क और वेटलैंड जैसे प्रोजेक्ट शामिल हैं।
सेक्टर-94 में बन रहा जापानी थीम पार्क
प्राधिकरण की ओर से सेक्टर-94 में लगभग 8.76 करोड़ रुपये की लागत से जापानी थीम पर आधारित पार्क विकसित किया जा रहा है। इस परियोजना में सिविल कार्य लगभग 70 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है, जबकि उद्यानिक कार्य जल्द शुरू किए जाने की योजना है।
शहरी जीवन को मिलेगा मानसिक सुकून
इस पार्क का मुख्य उद्देश्य आसपास के आईटी सेक्टर में कार्यरत कर्मचारियों और सुपरनोवा जैसे रिहायशी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को एक शांत, प्राकृतिक और तनावमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है।

आकर्षण से भरपूर होंगी सुविधाएं
जापानी थीम पार्क में आगंतुकों के लिए कई आधुनिक और प्राकृतिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, जिनमें शामिल हैं—वाटर बॉडी और ब्रिज, एम्फीथियेटर, फूड कोर्ट, मौरम और स्टोन पाथवे, विभिन्न प्रकार के पौधे, पार्किंग सुविधा, एडमिन ब्लॉक, टॉयलेट, जापानी गजबो हट, जेन गार्डन, थीम आधारित एंट्री प्लाजा और बच्चों के लिए प्ले जोन।
नोएडा की पहचान को मिलेगी नई ऊंचाई
प्राधिकरण का मानना है कि इस तरह के थीम आधारित पार्क न केवल शहर की सुंदरता बढ़ाएंगे, बल्कि नोएडा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान दिलाने में भी अहम भूमिका निभाएंगे।