नोएडा में स्मार्ट स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को मिलेगा बड़ा विस्तार, 76,366 एलईडी लाइटें स्मार्ट कंट्रोल पैनल से होंगी संचालित; एक्सप्रेसवे पर लगेंगी 1,200 नई लाइटें

0 25

नोएडा: नोएडा में स्मार्ट एलईडी स्ट्रीट लाइट परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए टाटा प्रोजेक्ट्स को समय विस्तार देने के प्रस्ताव को 223वीं बोर्ड बैठक में मंजूरी दे दी गई। संचालक मंडल के समक्ष प्रस्तुत प्रस्ताव के अनुमोदन के बाद परियोजना के तहत शहर में स्मार्ट स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को और मजबूत करने के साथ एक्सप्रेसवे के प्रकाश स्तर को बेहतर बनाने, सौर ऊर्जा से उसे ऊर्जीकृत करने और इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार्जिंग ढांचा विकसित करने का रास्ता साफ हो गया है।

76,366 एलईडी स्ट्रीट लाइटें स्मार्ट कंट्रोल पैनल से होंगी संचालित

परियोजना के तहत टाटा प्रोजेक्ट्स द्वारा नोएडा क्षेत्र में पहले से लगाई गई 76,366 एलईडी स्ट्रीट लाइटों के साथ नोएडा प्राधिकरण की शेष स्ट्रीट लाइटों को भी स्मार्ट कंट्रोल पैनल से संचालित किया जाएगा। इससे स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को एकीकृत स्मार्ट प्रणाली के माध्यम से संचालित करने में मदद मिलेगी।

एक्सप्रेसवे पर लगेंगी 1,200 नई स्ट्रीट लाइटें

परियोजना में एक्सप्रेसवे के लक्स लेवल एनहैंसमेंट के तहत 1,200 नई स्ट्रीट लाइटें लगाने का भी प्रावधान किया गया है। इसका उद्देश्य एक्सप्रेसवे पर प्रकाश व्यवस्था के स्तर को बेहतर बनाना है।

सौर ऊर्जा से ऊर्जीकृत होगा एक्सप्रेसवे

परियोजना के तहत एक्सप्रेसवे को सौर ऊर्जा से ऊर्जीकृत करने की योजना भी शामिल है। इसके लिए 2.4 मेगावाट क्षमता का बीईएसएस सिस्टम लगाया जाएगा। इससे एक्सप्रेसवे की ऊर्जा व्यवस्था को सौर ऊर्जा से जोड़ने में सहायता मिलेगी।

5 ईवी बस और 10 चार्जिंग स्टेशन भी लगाए जाएंगे

स्मार्ट स्ट्रीट लाइट परियोजना के विस्तारित कार्य में इलेक्ट्रिक परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए 5 ईवी बस और 10 चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। इस तरह परियोजना में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था के साथ स्वच्छ ऊर्जा और इलेक्ट्रिक परिवहन से जुड़ा ढांचा भी विकसित किया जाएगा।

30 महीने में पूरा होगा विस्तारित कार्य

मंजूर किए गए समय विस्तार के तहत टाटा प्रोजेक्ट्स द्वारा यह पूरा कार्य 30 माह में किया जाएगा। परियोजना के पूरा होने के बाद नोएडा में स्मार्ट स्ट्रीट लाइट संचालन, एक्सप्रेसवे की प्रकाश व्यवस्था, सौर ऊर्जा और इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग से जुड़ी सुविधाओं को एक साथ विस्तार मिलेगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.