विश्व पर्यावरण दिवस पर गौतमबुद्धनगर ने रचा हरित रिकॉर्ड! एक दिन में 1.21 लाख पौधे रोपे, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की जोरदार शुरुआत

0 33

गौतमबुद्धनगर : विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर गौतमबुद्धनगर में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। प्रदेश सरकार के एक दिन में 5 करोड़ पौधे लगाने के लक्ष्य के तहत जिले में 1 लाख 21 हजार पौधों के रोपण का लक्ष्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

सूरजपुर वेटलैंड में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह ने मौलश्री का पौधा लगाकर वृक्षारोपण अभियान और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने जनपदवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की अपील की।

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने का आह्वान

प्रभारी मंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने का संकल्प लेने की अपील की। साथ ही स्वयंसेवी संस्थाओं, शिक्षण संस्थानों, आरडब्ल्यूए, सामाजिक संगठनों और अधिकारियों से इस अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि बढ़ते पर्यावरणीय संकट के बीच वृक्षारोपण और हरित क्षेत्र का विस्तार समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण देने के लिए आज से ही ठोस प्रयास करने होंगे।

प्राधिकरणों और विभागों ने निभाई अहम भूमिका

जिले में आयोजित इस वृहद अभियान में नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अलावा कृषि, उद्यान, वन, ग्राम्य विकास, पंचायती राज और नगर विकास विभागों ने सक्रिय भूमिका निभाई। विभिन्न स्थानों पर सामूहिक पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए और हजारों पौधे रोपे गए।

जनप्रतिनिधियों और छात्रों ने भी लगाए पौधे

कार्यक्रम में दादरी विधायक तेजपाल सिंह नागर, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा स्कूल-कॉलेजों के छात्र-छात्राओं, सीआरपीएफ के अधिकारियों, सामाजिक संगठनों और गणमान्य नागरिकों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि पिछले कई वर्षों से राज्य सरकार के नेतृत्व में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान चलाए जा रहे हैं, जिसका सकारात्मक प्रभाव पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में दिखाई दे रहा है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि केवल पौधे लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित करना भी उतना ही जरूरी है।

किसानों से भी की गई विशेष अपील

जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में किसानों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसान संबंधित विभागों से निःशुल्क पौधे प्राप्त कर अपने खेतों और आसपास के क्षेत्रों में अधिक से अधिक वृक्षारोपण करें। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ हरित आवरण बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।

वृक्ष भंडारे में बांटे गए फलदार पौधे

कार्यक्रम के समापन से पहले मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों ने वृक्ष भंडारे का शुभारंभ किया। इस दौरान स्वयंसेवी संस्थाओं, विद्यार्थियों और नागरिकों को तुलसी, नींबू, अमरूद सहित विभिन्न फलदार और उपयोगी पौधों का वितरण किया गया।

सफल आयोजन पर जताया आभार

कार्यक्रम के अंत में प्रभागीय वनाधिकारी ने अभियान की सफलता के लिए सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए समाज के सभी वर्गों की भागीदारी बेहद आवश्यक है और ऐसे अभियान हरित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होंगे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.