गौतमबुद्धनगर में सबजूनियर बॉक्सिंग ट्रायल्स कल, प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चुने जाएंगे खिलाड़ी

0 22

गौतमबुद्धनगर : प्रदेश स्तरीय समन्वय सबजूनियर बॉक्सिंग प्रतियोगिता के लिए गौतमबुद्धनगर की टीम चयनित करने हेतु 6 जून को जिला स्तरीय चयन एवं ट्रायल्स का आयोजन किया जाएगा। ट्रायल्स में चयनित खिलाड़ी मंडलीय स्तर पर अपनी चुनौती पेश करेंगे, जिसके बाद प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।

प्रभारी जिला खेल अधिकारी डॉ. परवेज अली ने बताया कि खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश और क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी मेरठ मंडल के निर्देशों के तहत यह चयन प्रक्रिया आयोजित की जा रही है। सबजूनियर बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों के लिए जिला स्तरीय ट्रायल्स 6 जून 2026 को सुबह 10 बजे मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम, गौतमबुद्धनगर में होंगे।

8 जून को मेरठ में होगा मंडलीय चयन

जिला स्तर पर चयनित खिलाड़ी 8 जून 2026 को कैलाश प्रकाश स्टेडियम, मेरठ में आयोजित मंडलीय चयन ट्रायल्स में हिस्सा लेंगे। यहां से चयनित खिलाड़ियों को प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अंतिम टीम में जगह मिलेगी।

इन तारीखों में होगी प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता

प्रदेश स्तरीय समन्वय सबजूनियर बॉक्सिंग बालक प्रतियोगिता का आयोजन 10 से 13 जून 2026 तक किया जाएगा, जबकि बालिका वर्ग की प्रतियोगिता 15 से 18 जून 2026 तक आयोजित होगी। दोनों प्रतियोगिताएं क्षेत्रीय खेल कार्यालय, सहारनपुर में संपन्न होंगी।

इन खिलाड़ियों को मिलेगा मौका

प्रतियोगिता में वही खिलाड़ी भाग ले सकेंगे जिनकी जन्मतिथि 1 जनवरी 2012 से 31 दिसंबर 2013 के बीच हो। चयन ट्रायल्स में भाग लेने के लिए खिलाड़ियों को निर्धारित आयु वर्ग के अनुरूप पात्र होना अनिवार्य है।

दस्तावेज साथ लाना होगा जरूरी

खेल विभाग के अनुसार ट्रायल्स में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी आयु एवं स्वास्थ्य प्रमाण पत्र, शैक्षिक प्रमाण पत्र, खिलाड़ी और उसके माता-पिता का आधार कार्ड तथा नगर निगम या सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी जन्म प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। बिना आवश्यक दस्तावेजों के खिलाड़ियों को चयन प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा।

इन भार वर्गों में होगा मुकाबला

सबजूनियर बॉक्सिंग प्रतियोगिता 30-33, 35, 37, 40, 43, 46, 49, 52, 55, 58, 61, 64, 67, 70 और 70 किलोग्राम से अधिक भार वर्गों में आयोजित की जाएगी।

खेल विभाग ने जनपद के सभी पात्र और इच्छुक खिलाड़ियों से निर्धारित तिथि और समय पर उपस्थित होकर ट्रायल्स में भाग लेने की अपील की है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.