Panchayat 5: ‘हम गरीब हैं, गद्दार नहीं’ कहने वाले बिनोद के साथ हुआ खेल, बनराकस ने क्यों तोड़ा भरोसा?

0 54

मुंबई: प्राइम वीडियो की चर्चित वेब सीरीज ‘पंचायत’ के पांचवें सीजन को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। मेकर्स ने सीरीज का ट्रेलर जारी कर दिया है, जिसमें फुलेरा गांव की बदली हुई सियासत और पुराने किरदारों के बीच नए समीकरण देखने को मिल रहे हैं। ट्रेलर में सबसे ज्यादा चर्चा बिनोद के किरदार की हो रही है, जिसका उप-प्रधान बनने का सपना टूटता नजर आ रहा है।

‘पंचायत 4’ के अंत में साफ हो गया था कि फुलेरा की सत्ता अब बृजभूषण दुबे और मंजू देवी के हाथों से निकल चुकी है। अब बनराकस की पत्नी प्रधान बन चुकी हैं और बनराकस प्रधान पति की भूमिका में है। यानी गांव की राजनीति में उसका दबदबा कायम हो गया है।

वहीं, बनराकस के करीबी बिनोद को उम्मीद थी कि सत्ता बदलने के बाद उसे उप-प्रधान का पद मिल जाएगा। लेकिन ट्रेलर में दिखाए गए कुछ दृश्यों से संकेत मिल रहे हैं कि बिनोद की उम्मीदों पर पानी फिर गया है।

बिनोद ने ठुकराया था सत्ता का लालच

बिनोद का किरदार ‘पंचायत’ के सबसे चर्चित पात्रों में शामिल है। चौथे सीजन में जब बृजभूषण दुबे ने अपनी सत्ता बचाने के लिए बनराकस के साथी बिनोद को अपने साथ आने का प्रस्ताव दिया था, तब बिनोद ने इसे ठुकरा दिया था।

उसने साफ कहा था, “हम गरीब हैं, गद्दार नहीं।” बिनोद ने बनराकस का साथ छोड़ने से इनकार कर दिया था और भरोसा जताया था कि भविष्य में उसे इसका फायदा मिलेगा।

उप-प्रधान बनने का सपना रह गया अधूरा

बिनोद लंबे समय से उप-प्रधान बनने की इच्छा रखता था। उसे उम्मीद थी कि बनराकस के सत्ता में आने के बाद यह पद उसे जरूर मिलेगा। इसी भरोसे के चलते उसने हर मुश्किल समय में बनराकस का साथ दिया।

लेकिन ‘पंचायत 5’ के ट्रेलर में एक छोटा सा दृश्य इस ओर इशारा करता है कि बिनोद को उप-प्रधान नहीं बनाया गया है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं हुआ है कि आखिर बनराकस ने ऐसा फैसला क्यों लिया और इसके पीछे उसकी क्या रणनीति है।

नई सियासत में बदलेंगे फुलेरा के समीकरण

‘पंचायत 5’ के ट्रेलर से संकेत मिल रहे हैं कि इस बार कहानी सिर्फ हास्य तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि गांव की राजनीति में नए टकराव और रिश्तों की परीक्षा भी देखने को मिलेगी।

बिनोद और बनराकस के बीच बदले समीकरण सीरीज की कहानी में बड़ा मोड़ ला सकते हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि बिनोद अपने साथ हुए इस फैसले के बाद क्या कदम उठाता है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.