गौतमबुद्धनगर: उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से 10 सितंबर 2026 को राजकीय महिला पॉलिटेक्निक, बादलपुर में पिंक रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला सुबह 10 बजे से शुरू होगा। इसमें विनिर्माण, वी.पी.ओ./के.पी.ओ., बैंकिंग, वित्त, वित्तीय प्रौद्योगिकी, ई-कॉमर्स समेत अन्य क्षेत्रों की कंपनियों के शामिल होने की संभावना है। मेले के जरिए शिक्षित और रोजगार की इच्छुक छात्राओं एवं युवतियों को उनकी शैक्षणिक योग्यता, कौशल और प्रतिभा के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
हाईस्कूल से परास्नातक तक की युवतियां ले सकेंगी हिस्सा
जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री के अनुसार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आई.टी.आई., डिप्लोमा, स्नातक, परास्नातक और अन्य शैक्षणिक योग्यता रखने वाली इच्छुक बेरोजगार छात्राएं एवं युवतियां प्रतिभाग कर सकेंगी। इसके लिए अभ्यर्थियों की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है।
योग्यता और प्रतिभा के आधार पर होगा चयन
रोजगार मेले में शामिल होने वाली विभिन्न कंपनियां अभ्यर्थियों की योग्यता और प्रतिभा के आधार पर साक्षात्कार तथा चयन प्रक्रिया आयोजित करेंगी। इस प्रक्रिया के माध्यम से पात्र अभ्यर्थियों को रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
मेले में आने से पहले कराना होगा पंजीयन
जिला सेवायोजन अधिकारी ने इच्छुक छात्राओं एवं युवतियों से रोजगार संगम पोर्टल पर जॉबसीकर के रूप में अपना पंजीयन कराने की अपील की है। पंजीयन के बाद अभ्यर्थी निर्धारित तिथि और समय पर राजकीय महिला पॉलिटेक्निक, बादलपुर पहुंचकर अपनी योग्यता एवं प्रतिभा के अनुरूप विभिन्न कंपनियों में साक्षात्कार दे सकेंगी।
पंजीयन संबंधी समस्या पर यहां करें संपर्क
पंजीयन से जुड़ी किसी भी समस्या के समाधान के लिए अभ्यर्थी जिला सेवायोजन कार्यालय, आर.आई. सेंटर, झुण्डपुरा, सेक्टर-11, नोएडा, गौतमबुद्धनगर से संपर्क कर सकती हैं।