यू.पी. टेक्स 2026 से वैश्विक मंच पर दिखेगी यूपी के वस्त्र उद्योग की ताकत, नोएडा में निवेश और निर्यात पर मंथन

0 58

गौतमबुद्धनगर: उत्तर प्रदेश को वैश्विक वस्त्र केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में 8 और 9 सितंबर को लखनऊ में आयोजित होने वाले ‘यू.पी. टेक्स 2026’ से पहले नोएडा एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन भवन, सेक्टर-06, नोएडा में कर्टेन रेजर एवं रोड शो का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वस्त्र क्षेत्र से जुड़े बड़ी संख्या में उद्यमियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान निवेश, निर्यात, नवाचार और वस्त्र उद्योग के विस्तार की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग एवं हथकरघा विभाग के मंत्री राकेश सचान, प्रमुख सचिव अनिल कुमार सागर, मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, परिक्षेत्रीय सहायक आयुक्त अरविंद कुमार सिंह, अध्यक्ष एनएईसी ललित ठुकराल, उपाध्यक्ष एनएईसी नीरज प्रकाश और उपाध्यक्ष आई.आई.ए. राजीव बंसल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

वैश्विक टेक्सटाइल हब बनाने की दिशा में प्रयास

मंत्री राकेश सचान ने कहा कि उत्तर प्रदेश को वैश्विक वस्त्र केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि ‘यू.पी. टेक्स 2026’ के माध्यम से प्रदेश की वस्त्र क्षेत्र की क्षमता को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करने के साथ उद्यमियों तथा निवेशकों को एक साझा मंच उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन प्रदेश के वस्त्र क्षेत्र को नई गति देने के साथ उद्योग जगत के लिए नए अवसरों और संभावनाओं के द्वार खोलेगा।

उद्योग जगत की सहभागिता और निवेश के अवसरों पर चर्चा

प्रमुख सचिव अनिल कुमार सागर ने उद्योग जगत की भागीदारी, निवेश की संभावनाओं और ‘यू.पी. टेक्स 2026’ की रूपरेखा एवं उद्देश्यों की जानकारी दी। वहीं अध्यक्ष एनएईसी ललित ठुकराल ने परिधान, निर्यात और वस्त्र क्षेत्र के विकास की संभावनाओं पर अपने विचार रखे।

नोएडा की अपैरल और होम फर्निशिंग क्षमता पर भी हुआ मंथन

उपाध्यक्ष आई.आई.ए. राजीव बंसल ने अपैरल क्षेत्र में नोएडा की उपयोगिता और संभावनाओं की जानकारी दी। एसएसजी फर्निशिंग्स लिमिटेड, नोएडा के निदेशक चंद्रभूषण मिश्रा ने होमटेक एवं आईएफआर फैब्रिक और उनके उपयोग से संबंधित जानकारी साझा की। एलीट होम डेकोर के निदेशक अवनीश गौतम ने स्टार्टअप और भारतीय होम फर्निशिंग की बढ़ती वैश्विक मांग पर चर्चा की।

उद्यमियों से 8 और 9 सितंबर को सक्रिय भागीदारी की अपील

कार्यक्रम के समापन पर संयोजक एवं सहायक आयुक्त अरविंद कुमार सिंह ने सभी उद्यमियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने उद्यमियों से 8 और 9 सितंबर को लखनऊ में आयोजित होने वाले ‘यू.पी. टेक्स 2026’ में सक्रिय रूप से भाग लेने का आग्रह किया। कार्यक्रम स्थल पर पंजीकरण के लिए अलग काउंटर भी बनाया गया, जहां उद्यमियों को विभिन्न योजनाओं, निवेश के अवसरों और निर्यात संवर्धन से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराई गई।

नई टेक्सटाइल पॉलिसी-2027 पर भी हुई चर्चा

अरविंद कुमार सिंह ने उद्यमियों को विभाग की ओर से संचालित योजनाओं और निवेश संबंधी अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान नवीन टेक्सटाइल पॉलिसी-2027 को लेकर भी चर्चा हुई।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.