PM मोदी ने विकसित जीवंत ग्राम कार्यक्रम के युवाओं से किया सीधा संवाद, गौतम बुद्ध नगर के 25 स्वयंसेवकों ने भी लिया हिस्सा

0 20

गौतम बुद्ध नगर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विकसित जीवंत ग्राम कार्यक्रम (वीवीवीपी)-2026 के प्रतिभागियों से वर्चुअल संवाद किया। माय भारत के माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से चयनित 400 से अधिक युवा प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को सीमावर्ती गांवों के विकास, सामाजिक-आर्थिक स्थिति और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना रहा।

गौतम बुद्ध नगर के स्वयंसेवकों ने एनआईसी कार्यालय से की सहभागिता

प्रधानमंत्री के वर्चुअल संवाद कार्यक्रम में गौतम बुद्ध नगर से माय भारत के 25 स्वयंसेवकों ने भाग लिया। इसके अलावा विकसित जीवंत ग्राम कार्यक्रम के प्रतिभागी हिमांशु गुप्ता और आदित्य बहुगुणा भी इस संवाद से जुड़े। जिले के सभी प्रतिभागियों और स्वयंसेवकों ने एनआईसी कार्यालय, गौतम बुद्ध नगर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में सहभागिता की।

सीमावर्ती गांवों से जुड़कर युवाओं ने किया सामाजिक सहभागिता का अनुभव

कार्यक्रम के तहत युवाओं को लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के 74 जीवंत सीमा ग्रामों से जोड़ते हुए स्थानीय समुदायों के साथ संवाद और सहभागिता का अवसर दिया गया। इस दौरान प्रतिभागियों ने स्वच्छता अभियान, सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता अभियान, युवा सम्मेलन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, वृक्षारोपण, मिनी मॉडल पंचायत और स्थानीय समुदायों व कारीगरों के साथ संवाद जैसी विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लिया।

राष्ट्रीय एकीकरण और सीमावर्ती क्षेत्रों के महत्व से कराया गया परिचित

कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य युवाओं को भारत के सीमावर्ती क्षेत्रों की सामाजिक-आर्थिक परिस्थितियों, सांस्कृतिक विरासत और विकास की संभावनाओं से परिचित कराना था। इसके साथ ही राष्ट्रीय एकीकरण, सामुदायिक सहभागिता और सीमा क्षेत्रों के रणनीतिक महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया।

माय भारत के डिप्टी डायरेक्टर ने दी कार्यक्रम की जानकारी

माय भारत के डिप्टी डायरेक्टर शिवेंद्र सिंह ने बताया कि विकसित जीवंत ग्राम कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को सीमावर्ती गांवों से जोड़कर राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। यह पहल युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.