‘मन की बात’ में PM मोदी का बड़ा संदेश! विक्रम-1 से कॉमनवेल्थ तक गिनाईं उपलब्धियां, हर घर तिरंगा फहराने की देशवासियों से अपील

0 21

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 136वें एपिसोड के जरिए देशवासियों को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कारगिल विजय दिवस पर वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके साथ ही रक्षा क्षेत्र, अंतरिक्ष, खेल, जल संरक्षण, पर्यावरण, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान समेत कई अहम विषयों पर देशवासियों से संवाद किया।

कारगिल विजय दिवस पर वीर सैनिकों को किया नमन

प्रधानमंत्री ने कहा कि 26 जुलाई ऐसी तारीख है जिसे याद रखने के लिए कैलेंडर देखने की जरूरत नहीं पड़ती। उन्होंने कारगिल विजय दिवस को देश के गौरव का प्रतीक बताते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भारतीय सैनिकों ने अद्भुत साहस का परिचय दिया और मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने सभी वीर शहीदों और सैनिकों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

रक्षा क्षेत्र में भारत की बढ़ती ताकत का किया जिक्र

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत लगातार अपनी तकनीकी क्षमता मजबूत कर रहा है। उन्होंने बताया कि हाल ही में भारतीय नौसेना में आईएनएस महेंद्रगिरि को शामिल किया गया, जिसे भारत में ही डिजाइन और निर्मित किया गया है तथा इसमें 75 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी सामग्री का उपयोग हुआ है। उन्होंने पिनाका लॉन्ग रेंज गाइडेड रॉकेट और कुशा मिसाइल के सफल परीक्षण का भी उल्लेख किया। साथ ही कहा कि रक्षा उत्पादन, रक्षा निर्यात और मित्र देशों के साथ सहयोग के क्षेत्र में भारत नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने इंडोनेशिया में ब्रह्मोस और अस्त्र मिसाइलों से जुड़े बड़े समझौते का भी उल्लेख किया।

बारिश का पानी बचाने के लिए लोगों से की भागीदारी की अपील

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले एपिसोड में शुरू किए गए ‘कैच द रेन’ अभियान को देशभर में अच्छा समर्थन मिला है। उन्होंने बताया कि 4 जुलाई से वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण, पुराने जल स्रोतों के पुनर्जीवन और वृक्षारोपण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास किसी तालाब, कुएं या बावड़ी की जिम्मेदारी लेने और पानी की हर बूंद बचाने का आग्रह किया।

कॉमनवेल्थ और खेलों में भारतीय खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना

प्रधानमंत्री ने कहा कि हाल ही में शुरू हुए कॉमनवेल्थ खेलों में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने पीवी सिंधु को जापान ओपन जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनने पर बधाई दी। साथ ही भारतीय महिला क्रिकेट टीम द्वारा लॉर्ड्स में पहला टेस्ट मैच जीतने को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने केरल के एर्णाकुलम स्थित एक स्कूल में संस्कृत को फुटबॉल के माध्यम से सिखाने वाले ‘अक्षरकंदुक’ प्रोजेक्ट की भी सराहना की।

विक्रम-1 लॉन्च को बताया ऐतिहासिक उपलब्धि

प्रधानमंत्री ने कहा कि विक्रम-1 का सफल प्रक्षेपण भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने इसे निजी क्षेत्र द्वारा विकसित भारत का पहला रॉकेट बताते हुए कहा कि युवा नवाचारकर्ताओं ने अपनी प्रतिभा, धैर्य और समर्पण से नई मिसाल कायम की है। उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र के लिए अंतरिक्ष क्षेत्र खोलने का फैसला युवाओं की क्षमता को अवसर देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

ओलंपियाड में भारतीय छात्रों की सफलता पर जताया गर्व

प्रधानमंत्री ने बताया कि फिजिक्स ओलंपियाड में भारत के सभी पांच छात्रों ने स्वर्ण पदक जीतकर पहली रैंक हासिल की है। उन्होंने कहा कि केमिस्ट्री ओलंपियाड में भी सभी भारतीय प्रतिभागियों ने स्वर्ण पदक जीते। इसके अलावा बायोलॉजी ओलंपियाड में सभी छात्रों ने पदक हासिल किए, जबकि गणित ओलंपियाड में भारत के छात्रों ने दो स्वर्ण और चार रजत पदक अपने नाम किए।

कश्मीर की वगू चटाई और बिजनौर की हर्बल चाय का किया उल्लेख

प्रधानमंत्री ने कश्मीर की पारंपरिक ‘वगू’ चटाई को नया जीवन देने के प्रयासों की सराहना करते हुए श्रीनगर के गुलाम हुसैन और उनकी बेटी तंजीला के प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के लखीवाला गांव की महिलाओं द्वारा तैयार ‘विदुर प्रेरणा स्वदेशी हर्बल टी’ का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने प्राकृतिक सामग्री से इस ब्रांड की शुरुआत केवल एक लाख रुपये से की थी और आज यह बड़े संस्थानों तक पहुंच चुका है।

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की सफलता का किया जिक्र

प्रधानमंत्री ने अहमदाबाद में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत एक घंटे में साढ़े तीन लाख से अधिक पौधे लगाए जाने की उपलब्धि का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस अभियान में 25 हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया और इसे गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज किया गया है। इसके अलावा उन्होंने गुजरात के गिर जंगलों में करीब 60 वर्षों बाद इंडियन ग्रे हॉर्नबिल की वापसी को संरक्षण प्रयासों की बड़ी सफलता बताया।

हर घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील

अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान ने पूरे देश को एक नई भावना से जोड़ा है। उन्होंने सभी देशवासियों से इस वर्ष भी पूरे उत्साह और सम्मान के साथ अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.