PM मोदी की अपील पर सियासत तेज, राहुल-अखिलेश पर भड़के डिप्टी CM ब्रजेश पाठक; बोले- राष्ट्रहित के मुद्दों पर भी दिखती है नकारात्मक सोच
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से देशवासियों से संसाधनों के सीमित इस्तेमाल की अपील किए जाने के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। विपक्ष द्वारा केंद्र सरकार पर निशाना साधे जाने के बीच उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दोनों नेताओं की सोच को “नकारात्मक मानसिकता” करार देते हुए कहा कि राष्ट्रहित के मुद्दों पर भी विपक्ष राजनीति करने से बाज नहीं आ रहा है।
ब्रजेश पाठक ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव को अब समझ लेना चाहिए कि उनकी मानसिकता पूरी तरह नकारात्मक हो चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशहित में नागरिकों से सीमित संसाधनों के इस्तेमाल की विनम्र अपील की थी, लेकिन विपक्षी नेताओं ने इसे भी राजनीतिक नजरिए से देखना शुरू कर दिया।
‘राजनीतिक हताशा और कुंठा बाहर आ गई’
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अपने बयान में कहा कि प्रधानमंत्री की अपील के बाद राहुल गांधी और अखिलेश यादव की “राजनीतिक कुंठा, हताशा और निराशा” खुलकर सामने आ गई। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों नेताओं ने बिना वजह अनर्गल बयानबाजी शुरू कर दी और राष्ट्रहित से जुड़े मुद्दे को भी राजनीतिक विवाद में बदलने की कोशिश की।
पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देशवासियों से केवल इतना आग्रह किया है कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए लोग कुछ समय के लिए संसाधनों का संयमित उपयोग करें, ताकि देश आर्थिक रूप से मजबूत बना रहे।
ब्रजेश पाठक ने दोहराई प्रधानमंत्री की अपील
डिप्टी सीएम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील को दोहराते हुए लोगों से उस पर अमल करने की सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने नागरिकों से जहां तक संभव हो वर्क फ्रॉम होम को प्राथमिकता देने, एक साल तक सोने की खरीद टालने और पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि मेट्रो जैसे सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग किया जाए, कार का कम इस्तेमाल हो और पार्सल रेल के जरिए भेजे जाएं। इसके साथ ही खाने के तेल की खपत कम करने, रासायनिक खाद का उपयोग घटाने और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की भी सलाह दी गई है।
ब्रजेश पाठक ने आगे कहा कि विदेशी ब्रांडेड उत्पादों के बजाय स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने और एक साल तक विदेश यात्राएं कम करने की भी अपील की गई है। उनके मुताबिक, यह कदम देश की अर्थव्यवस्था और विदेशी मुद्रा भंडार को मजबूत करने की दिशा में मददगार साबित हो सकते हैं।
‘हर छोटा कदम देशहित में बड़ा योगदान’
ब्रजेश पाठक ने लोगों से तेल आयात पर होने वाले खर्च को कम करने के लिए सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सप्ताह में एक दिन कारपूलिंग अपनाना, इलेक्ट्रिक वाहन का इस्तेमाल बढ़ाना और गैस चूल्हे की जगह इंडक्शन का उपयोग करना जैसे छोटे कदम भी देशहित में बड़ा योगदान दे सकते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि घरों में सोलर पैनल लगाने जैसी पहल ऊर्जा बचत और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
अखिलेश यादव ने BJP पर साधा था निशाना
प्रधानमंत्री की अपील के बाद समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी सोशल मीडिया मंच एक्स पर प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि देश में आर्थिक संकट अपने आप नहीं आया, बल्कि बीजेपी की नीतियों और भ्रष्टाचार की वजह से पैदा हुआ है। अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा था कि “आपदा में अवसर” खोजने वाली बीजेपी अब बचने की कोशिश कर रही है।
अखिलेश यादव के इस बयान के बाद बीजेपी नेताओं की ओर से लगातार पलटवार किए जा रहे हैं और राजनीतिक बयानबाजी का दौर तेज हो गया है।