यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 की तैयारियां तेज, 25 सितंबर से ग्रेटर नोएडा में दिखेगी यूपी की कला और उद्योगों की ताकत
गौतमबुद्धनगर: यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 के चतुर्थ संस्करण को भव्य और सफल बनाने को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे की अध्यक्षता में इंडिया एक्सपो मार्ट, ग्रेटर नोएडा के सभागार में फुनरवा और ग्रेटर नोएडा आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में आरडब्ल्यूए संगठनों के अध्यक्षों को ट्रेड शो में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई।
25 से 29 सितंबर तक होगा यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का आयोजन
अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने बताया कि उत्तर प्रदेश की कला, संस्कृति, व्यंजन और औद्योगिक उत्पादों को वैश्विक मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 का आयोजन 25 से 29 सितंबर 2026 तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश की समृद्ध कला, संस्कृति, शिल्प और पारंपरिक व्यंजनों के साथ विभिन्न क्षेत्रों के उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा। यह आयोजन उद्यमियों, उत्पादकों और खरीदारों को व्यापारिक संभावनाओं के विस्तार के लिए एक बड़ा मंच उपलब्ध कराएगा।
ओडीओपी से लेकर डिफेंस और एयरोस्पेस तक के उत्पादों का होगा प्रदर्शन
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में ओडीओपी, ओडीओसी, युवा उद्यमी, एमएसएमई, स्टार्टअप, डिफेंस एवं एयरोस्पेस, ऑटो एवं इलेक्ट्रिक वाहन, सिविल एविएशन एवं एमआरओ, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी, औद्योगिक अवस्थापना परियोजनाएं, बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाएं सहित कई क्षेत्रों के उत्पादों और सेवाओं को प्रदर्शित किया जाएगा।
इसके अलावा रिटेल, ई-कॉमर्स, लॉजिस्टिक्स एवं वेयरहाउसिंग, शिक्षा एवं कौशल विकास, प्रिंट एवं पैकेजिंग, कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र, हॉर्टिकल्चर एवं फूड प्रोसेसिंग, फिशरी एवं पशुपालन, फार्मा एवं हेल्थकेयर, नवीकरणीय ऊर्जा, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन, हैंडलूम, हैंडीक्राफ्ट, खादी एवं टेक्सटाइल, वुडवर्क, फर्नीचर, स्पोर्ट्स, टॉयज, बेबी केयर, लेदर गुड्स, फुटवियर, टूरिज्म और फिल्म क्षेत्र से जुड़े उत्पाद भी प्रदर्शित किए जाएंगे।
आम लोगों के लिए निशुल्क रहेगा प्रवेश, मिलेगी कई सुविधाएं
अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने बताया कि ट्रेड शो में आम लोगों के लिए प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रहेगा। इसके लिए क्यूआर कोड के माध्यम से पंजीकरण कराया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि बिजनेस विजिटर्स के लिए प्रवेश का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक और आम दर्शकों के लिए दोपहर 3 बजे से रात 8 बजे तक निर्धारित किया गया है। आयोजन स्थल पर निशुल्क पार्किंग, रिटेल बिक्री और आकर्षक लकी ड्रॉ जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी।
यूपी की संस्कृति और व्यापारिक संभावनाओं से रूबरू होंगे लोग
ट्रेड शो से संबंधित कार्यक्रमों और प्रदर्शित किए जाने वाले उत्पादों की जानकारी यूपीआईटीएस-2026 मोबाइल ऐप के माध्यम से प्राप्त की जा सकती है।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने फुनरवा और ग्रेटर नोएडा आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों सहित जनपदवासियों और उद्यमियों से बड़ी संख्या में ट्रेड शो में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह आयोजन उत्तर प्रदेश की कला, संस्कृति, व्यंजन और उत्पादों को करीब से जानने के साथ-साथ व्यापारिक और औद्योगिक संभावनाओं को समझने का महत्वपूर्ण अवसर देगा।
बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार मिश्र, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, रजिस्ट्रार फर्म, सोसाइटी एवं चिट्स निखलेश राजन, एसीपी ग्रेटर नोएडा कृष्णपाल सिंह, सीईओ इंडिया एक्सपो मार्ट ग्रेटर नोएडा सुदीप सरकार सहित संबंधित अधिकारी और फुनरवा एवं ग्रेटर नोएडा आरडब्ल्यूए के पदाधिकारी मौजूद रहे।