गौतमबुद्धनगर में मतदाता सूची से छूटे लोगों को जोड़ने की तैयारी तेज! मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

0 22
गौतमबुद्धनगर: विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत मतदाता पंजीकरण अभियान को गति देने के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश नवदीप रिणवा ने रविवार को नोएडा में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। सेक्टर-27 स्थित जिलाधिकारी कार्यालय के सभागार में हुई बैठक में उन्होंने पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। युवाओं और महिलाओं के पंजीकरण पर खास ध्यान देने के साथ ऑनलाइन प्राप्त होने वाले फॉर्म-6 का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।

छह दिवसीय विशेष अभियान की प्रगति की समीक्षा

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने 17 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद 17 से 22 नवंबर तक चले छह दिवसीय विशेष अभियान में प्राप्त फॉर्म-6, 6ए, 7 और 8 की प्रगति का आकलन किया। उन्होंने कहा कि गौतमबुद्धनगर में पात्र मतदाताओं के पंजीकरण की व्यापक संभावनाएं हैं। जनपद गाजियाबाद की तरह यहां भी विशेष प्रयास कर अधिक से अधिक पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराए जाएं।

उन्होंने कहा कि आपसी समन्वय, बेहतर कार्ययोजना और समर्पित प्रयासों से जिले में मतदाता पंजीकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की जा सकती है।

ऑनलाइन फॉर्म-6 का एक दिन से ज्यादा लंबित न रहे आवेदन

नवदीप रिणवा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) के लॉगिन पर फॉर्म-6 का आवेदन एक दिन से अधिक लंबित नहीं रहना चाहिए। ऑनलाइन आवेदन प्राप्त होते ही उसी दिन उसे संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) को आवंटित किया जाए।

उन्होंने कहा कि एईआरओ को अपने क्षेत्र के सेक्टर, आवासीय सोसायटी, मतदान केंद्रों और उनके क्षेत्राधिकार की पूरी जानकारी होनी चाहिए। इससे आवेदन में दर्ज पते के आधार पर सही बूथ की पहचान कर उसे संबंधित बीएलओ तक पहुंचाया जा सकेगा।

बीएलओ को तत्काल स्थलीय सत्यापन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी। इसके बाद एईआरओ स्तर पर जांच करके आवेदन शीघ्र निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) को भेजा जाए, ताकि नियमानुसार समयबद्ध निर्णय लेकर पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल किया जा सके।

युवाओं और महिलाओं के पंजीकरण पर विशेष फोकस

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदाता पंजीकरण अभियान में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष कैंप आयोजित करने और इलेक्टोरल लिटरेसी क्लबों को सक्रिय करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से 18 और 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं तथा पहली बार मतदाता बनने वाले नागरिकों तक पहुंच बनाने पर जोर दिया।

महिलाओं का पंजीकरण बढ़ाने के लिए आशा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, एएनएम और सखी समूहों का सहयोग लेने को कहा गया। इन समूहों के माध्यम से पात्र महिलाओं को फॉर्म-6 भरने के लिए जागरूक और प्रेरित किया जाएगा।

बीएलओ को प्रशिक्षण और मार्गदर्शन देने के निर्देश

नवदीप रिणवा ने कहा कि जिले में बड़ी संख्या में बूथ लेवल अधिकारी और बूथ लेवल सुपरवाइजर उपलब्ध हैं। बीएलओ शिक्षित और तकनीकी रूप से दक्ष हैं तथा मोबाइल ऐप के माध्यम से निर्वाचन संबंधी कार्य कर सकते हैं। जरूरत इस बात की है कि उन्हें पर्याप्त प्रशिक्षण, उचित मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिले, ताकि वे अपने क्षेत्र के प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सकें।

उन्होंने माना कि बीएलओ के पास अन्य विभागीय जिम्मेदारियों के साथ गणना और स्वगणना से जुड़े कार्य भी हैं। इसके बावजूद बेहतर समन्वय और टीम भावना से सभी जिम्मेदारियों को प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सकता है।

16 दिसंबर तक अभियान के लिए बचे हैं 23 दिन

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत अब 16 दिसंबर तक केवल 23 दिन शेष हैं। यह अवधि प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची से जोड़ने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन कार्यालय की ओर से आवश्यक सहयोग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।

उन्होंने उम्मीद जताई कि गौतमबुद्धनगर के अधिकारी पूरी निष्ठा और टीम भावना के साथ काम करते हुए अगली समीक्षा बैठक में बेहतर परिणाम पेश करेंगे। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत कुमार सिंह, डिप्टी कलेक्टर एवं सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी प्रदीप कुमार सिंह सहित सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.