राम मंदिर को जल्द मिलेगा पहला CEO, 5200 आवेदनों की छंटनी के बाद 18 उम्मीदवार इंटरव्यू में होंगे शामिल; तीन नामों का बनेगा पैनल

0 26

अयोध्या: श्रीराम जन्मभूमि मंदिर को जल्द ही अपना पहला मुख्य कार्यकारी अधिकारी यानी सीईओ मिलने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। मंगलवार को चयनित आवेदकों के साक्षात्कार की तैयारी पूरी कर ली गई है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सीईओ पद के लिए 18 जुलाई तक आवेदन मांगे थे, जिसके लिए करीब 5200 आवेदन प्राप्त हुए। सभी आवेदनों की जांच और स्क्रीनिंग के बाद 54 आवेदकों को शॉर्टलिस्ट किया गया, जिनमें से पहले साक्षात्कार के लिए 18 उम्मीदवारों को बुलाया गया है।

तीन नामों का पैनल ट्रस्ट को भेजा जाएगा

सीईओ पद के लिए होने वाले साक्षात्कार के बाद चयन समिति तीन नामों का पैनल तैयार करके श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को भेजेगी। इसके बाद ट्रस्ट के ट्रस्टी इन तीन नामों में से एक का चयन करेंगे। पूरी चयन प्रक्रिया को लेकर ट्रस्ट की ओर से काफी गोपनीयता बरती जा रही है।

सीईओ चयन के लिए गठित समिति में सेवानिवृत्त जस्टिस प्रमोद कोहली, लेफ्टिनेंट जनरल विष्णु कांत चतुर्वेदी और महाराष्ट्र के मुंबई के उद्योगपति सुरेश हावड़े शामिल हैं। इनके देर शाम अयोध्या पहुंचने की संभावना जताई गई थी, हालांकि उनके पहुंचने को लेकर कोई सटीक जानकारी सामने नहीं आई।

दिल्ली से मीडिया प्रतिनिधियों के आने की भी चर्चा

साक्षात्कार से पहले सोमवार को दिल्ली से मीडिया प्रतिनिधियों के एक दल के अयोध्या आने की चर्चा रही। बताया गया कि डेढ़ दर्जन से अधिक लोगों वाला यह दल सुबह करीब नौ बजे अयोध्या पहुंचेगा और दोपहर में रामलला की राजभोग आरती का दर्शन करने के बाद वापस लौटेगा।

मीडिया प्रतिनिधियों के लिए राम मंदिर परिसर स्थित तीर्थ यात्री सुविधा केंद्र में आवश्यक व्यवस्थाएं किए जाने की बात सामने आई। यह व्यवस्था मंदिर के नवनियुक्त सचिव जगदीश आफले और मंदिर व्यवस्था के प्रभारी नरपत डुकिया के निर्देशन में की जा रही है।

हालांकि इस संबंध में एसपी सुरक्षा विजय शंकर मिश्र ने कहा कि फिलहाल उनकी जानकारी में ऐसी कोई बात नहीं आई है। उन्होंने दिल्ली से आने वाले मीडिया दल के बारे में भी अनभिज्ञता जताई। चयन समिति के सदस्य लेफ्टिनेंट जनरल विष्णु कांत चतुर्वेदी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।

चढ़ावा चोरी मामले में आठ आरोपियों की न्यायिक हिरासत बढ़ी

उधर, श्रीराम जन्मभूमि चढ़ावा चोरी के चर्चित मामले में एंटी करप्शन कोर्ट ने सभी आठ आरोपियों की न्यायिक हिरासत 22 अगस्त तक बढ़ा दी है। आरोपियों की ओर से भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में लिए गए रिमांड पर आपत्ति जताते हुए प्रार्थना पत्र दाखिल किया गया था। इस पर 12 अगस्त को सुनवाई होगी।

आरोपियों की ओर से लीगल डिफेंस काउंसिल कुलशेखर सिंह ने प्रथम रिमांड के दौरान भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में रिमांड लिए जाने पर आपत्ति जताई थी। प्रार्थना पत्र में विवेचक की ओर से लिए गए रिमांड को गलत बताते हुए उसे निरस्त करने की मांग की गई है।

विवेचक ने आपत्ति को नियम विरुद्ध बताया

आठों आरोपियों की ओर से दाखिल आपत्ति के जवाब में विवेचक और सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी ने न्यायालय में अपनी आख्या प्रस्तुत की। इसमें उन्होंने रिमांड पर सवाल उठाते हुए दाखिल किए गए प्रार्थना पत्र को नियम विरुद्ध बताया और उसे निरस्त किए जाने योग्य बताया।

विशेष भ्रष्टाचार निवारण संगठन की अदालत में सुनवाई के दौरान सभी आठ आरोपी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेश हुए। वहीं आरोपी सुभाष श्रीवास्तव के पेंशन खाते पर लगाई गई रोक के मामले में सुनवाई 11 अगस्त को होनी है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.