RBI का नया नियम: ऑनलाइन फ्रॉड पर लगेगी लगाम, डिजिटल पेमेंट डिफॉल्ट रूप से रहेंगे बंद; एक क्लिक में रोक सकेंगे लेनदेन

0 11

नई दिल्ली: डिजिटल भुगतान के बढ़ते इस्तेमाल के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामलों को देखते हुए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ग्राहकों की सुरक्षा मजबूत करने की तैयारी में है। आरबीआई ने डिजिटल भुगतान को और सुरक्षित बनाने के लिए नए सुरक्षा दिशा-निर्देशों का मसौदा जारी किया है। प्रस्तावित नियम लागू होने के बाद ग्राहक अपने डिजिटल लेनदेन पर ज्यादा नियंत्रण रख सकेंगे।

नए प्रावधानों के तहत ग्राहक अपने डिजिटल भुगतान की सीमा खुद तय कर सकेंगे और जरूरत पड़ने पर एक क्लिक में भविष्य के सभी ग्राहक-प्रेरित डिजिटल लेनदेन को रोक सकेंगे। इसके लिए ‘स्टॉप स्विच’ सुविधा शुरू करने का प्रस्ताव रखा गया है। ये नियम 1 जुलाई 2027 से लागू किए जाने हैं, हालांकि बैंक इससे पहले भी इन्हें लागू कर सकते हैं।

एक क्लिक में बंद हो जाएगा डिजिटल भुगतान

आरबीआई की प्रस्तावित स्टॉप स्विच सुविधा डिजिटल फ्रॉड की स्थिति में ग्राहकों के लिए सुरक्षा कवच की तरह काम करेगी। अगर किसी ग्राहक को अपने खाते में संदिग्ध गतिविधि का पता चलता है या उसे धोखाधड़ी की आशंका होती है, तो वह तुरंत एक क्लिक पर भविष्य में होने वाले सभी ग्राहक-प्रेरित डेबिट लेनदेन को रोक सकेगा।

इस सुविधा के सक्रिय होने के बाद नया ऑनलाइन भुगतान या पैसे का ट्रांसफर नहीं किया जा सकेगा। हालांकि बैंक की ओर से ऋण की किस्त या अन्य बकाया राशि की वसूली से जुड़े लेनदेन इस रोक के दायरे में नहीं आएंगे।

बड़े भुगतान के लिए भरोसेमंद व्यक्ति की मंजूरी

आरबीआई ने बड़े डिजिटल भुगतान को सुरक्षित बनाने के लिए ‘ट्रस्टेड पर्सन’ सुविधा का भी प्रस्ताव दिया है। इसके तहत ग्राहक 18 वर्ष से अधिक उम्र के किसी परिवार सदस्य या भरोसेमंद व्यक्ति को पंजीकृत कर सकेगा।

यदि ग्राहक कोई बड़ा डिजिटल भुगतान करता है तो संबंधित भुगतान के लिए उस भरोसेमंद व्यक्ति की मंजूरी जरूरी की जा सकती है। मंजूरी के लिए एक घंटे का समय दिया जाएगा। अगर तय समय में अनुमति नहीं मिलती है या भुगतान अस्वीकार कर दिया जाता है, तो लेनदेन रद्द हो जाएगा।

हालांकि, ट्रस्टेड पर्सन को केवल प्रस्तावित बड़े भुगतान की जानकारी ही मिलेगी। उसे ग्राहक के बैंक खाते की राशि, एफडी निवेश या बीमा जैसी निजी वित्तीय जानकारी देखने की अनुमति नहीं होगी।

ग्राहक खुद तय कर सकेंगे डिजिटल पेमेंट लिमिट

प्रस्तावित नियमों के अनुसार ग्राहक अपने डिजिटल भुगतान की सीमा भी खुद निर्धारित कर सकेंगे। ग्राहक किसी खास भुगतान माध्यम, किसी विशेष लाभार्थी या पूरे दिन के कुल डिजिटल लेनदेन की अधिकतम सीमा तय कर पाएंगे।

इसके अलावा डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और प्रीपेड कार्ड के लिए घरेलू और अंतरराष्ट्रीय भुगतान, एटीएम ट्रांजेक्शन, ऑनलाइन शॉपिंग और कॉन्टैक्टलेस पेमेंट जैसी सुविधाओं को अलग-अलग चालू या बंद करने का विकल्प भी मिलेगा।

नए बैंक खाते में डिजिटल सुविधा पहले से बंद रहेगी

आरबीआई के नए मसौदे में नए बैंक खातों को लेकर भी बड़ा बदलाव प्रस्तावित है। इसके तहत नया खाता खुलने पर सभी डिजिटल भुगतान सुविधाएं डिफॉल्ट रूप से बंद रहेंगी।

ग्राहक की स्पष्ट सहमति और जरूरी प्रमाणीकरण के बाद ही इन सुविधाओं को सक्रिय किया जाएगा। इससे बिना जानकारी के डिजिटल पेमेंट सुविधा शुरू होने और उसके गलत इस्तेमाल की संभावना कम होगी।

बैंकों की बढ़ेगी जिम्मेदारी

नए प्रस्तावित नियमों में बैंकों की जिम्मेदारी भी बढ़ाई गई है। अनिवार्य अलर्ट नहीं भेजना, 24 घंटे शिकायत दर्ज करने की सुविधा उपलब्ध नहीं कराना, धोखाधड़ी की सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई नहीं करना या सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही करना बैंक की जिम्मेदारी तय करने का आधार बन सकता है।

इसके अलावा सिस्टम में गड़बड़ी या बैंक कर्मचारियों की मिलीभगत से होने वाली धोखाधड़ी जैसी स्थितियों में भी बैंकों को जवाबदेह बनाया जा सकता है। आरबीआई ने इन प्रस्तावित दिशा-निर्देशों पर 14 दिसंबर तक सुझाव और प्रतिक्रिया मांगी है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.