इलेक्ट्रिक गाड़ियों की बिक्री में रिकॉर्ड उछाल, टाटा ने फिर मारी बाज़ी, महिंद्रा और एमजी की भी जोरदार टक्कर

0 24

नई दिल्ली: देश में इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री में लगातार तेज़ी देखने को मिल रही है और मई महीने के आंकड़ों ने एक बार फिर बाजार की रफ्तार को साफ कर दिया है। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, मई में इलेक्ट्रिक पैसेंजर कारों की बिक्री 81.2 प्रतिशत की भारी बढ़त के साथ 26,682 यूनिट तक पहुंच गई। जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा 14,725 यूनिट था।

इलेक्ट्रिक पैसेंजर कार सेगमेंट में टाटा का दबदबा कायम
इलेक्ट्रिक पैसेंजर कारों की बिक्री में टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड ने एक बार फिर पहला स्थान हासिल किया है। कंपनी ने मई में 10,340 यूनिट की बिक्री दर्ज की, जो पिछले साल मई में बेची गई 5,083 यूनिट के मुकाबले लगभग दोगुनी है। मजबूत बिक्री के साथ टाटा ने बाजार में अपनी पकड़ और मजबूत कर ली है।

महिंद्रा एंड महिंद्रा दूसरे स्थान पर, जबरदस्त ग्रोथ दर्ज
सूची में दूसरे स्थान पर महिंद्रा एंड महिंद्रा रही, जिसने मई में 6,210 इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री की। कंपनी ने पिछले साल मई के मुकाबले 114.8 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है, जब उसकी बिक्री 2,891 यूनिट रही थी। बढ़ती मांग ने महिंद्रा को इस सेगमेंट में मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है।

एमजी मोटर इंडिया तीसरे स्थान पर
तीसरे स्थान पर जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया रही, जिसने मई में 4,984 इलेक्ट्रिक गाड़ियों की बिक्री की। हालांकि कंपनी ने पिछले साल मई में 4,599 यूनिट बेची थीं, इस बार भी उसने प्रतिस्पर्धी बाजार में अपनी मौजूदगी बनाए रखी है।

इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर सेगमेंट में 62.76 प्रतिशत की बढ़त
इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की बिक्री में भी तेज उछाल देखने को मिला है। मई में कुल बिक्री 62.76 प्रतिशत बढ़कर 1,70,733 यूनिट तक पहुंच गई, जबकि पिछले साल यह आंकड़ा 1,04,896 यूनिट था। इस सेगमेंट में टीवीएस मोटर ने सबसे अधिक बिक्री दर्ज कर पहला स्थान हासिल किया।

टीवीएस मोटर पहले स्थान पर, बजाज और एथर में कड़ी टक्कर
टीवीएस मोटर ने मई में 42,459 इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की बिक्री की, जो पिछले साल के मुकाबले 64.54 प्रतिशत अधिक है। दूसरे स्थान पर बजाज ऑटो रही, जिसने 39,202 यूनिट बेचीं, जबकि तीसरे स्थान पर एथर एनर्जी रही, जिसकी बिक्री 28,240 यूनिट तक पहुंच गई।

इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर और कमर्शियल सेगमेंट में भी बढ़त
इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर की बिक्री में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मई में कुल बिक्री 71,867 यूनिट रही, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 66,185 यूनिट थी। वहीं इलेक्ट्रिक कमर्शियल वाहनों की बिक्री भी बढ़कर 2,400 यूनिट तक पहुंच गई, जो पिछले साल मई में 1,094 यूनिट थी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.