रोडवेज बस ने सात वाहनों में मारी टक्कर, आठ घायल; भीड़ जुटते ही चालक बस छोड़कर भागा

0 314

कानपुर। यशोदा नगर के पास हाईवे की सर्विस लेन पर मंगलवार रात सवारियों से भरी रोडवेज बस ने अनियंत्रित होकर दो कार, दो लोडर और तीन बाइकों में टक्कर मार दी, जिससे आठ लोग घायल हो गए। भीड़ जुटी तो चालक बस छोड़कर भाग निकला। इस दौरान रामादेवी से यशोदा नगर तक हाईवे पर जाम लग गया। घायलों को उनके परिजनों अलग-अलग अस्पताल ले गए। वहीं, पुलिस क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर करीब एक घंटे बाद जाम खुलवा सकी।

विकास नगर डिपो की एक बस मंगलवार रात 20 से ज्यादा सवारियों को लेकर झकरकटी बस अड्डे जाने के लिए रामादेवी से नौबस्ता की ओर हाईवे की सर्विस लेन से जा रही थी। यशोदा नगर के पास प्रताप होटल के सामने अंडरपास पार करने वाले वाहनों की वजह से कई वाहन खड़े थे। तभी बस ने दो लोडर, दो कार व तीन बाइकों में टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार रावतपुर के राजा विहार निवासी उमेश श्रीवास्तव, लोडर चालक दादा नगर निवासी मनोज कुमार समेत आठ लोग घायल हो गए। लोग दौड़े तो चालक बस छोड़कर भाग निकला।

वहीं बस में बैठी सवारियां उतर कर चली गई। हादसे के बाद रामादेवी से यशोदा नगर तक वाहनों की कतार लग गई। नौबस्ता थाने की फोर्स ने क्षतिग्रस्त वाहनों व बस को किनारे कराकर जाम खुलवाया। थाना प्रभारी जगदीश पांडेय ने बताया कि घायलों को उनके परिजनों अलग-अलग अस्पतालों में ले गए हैं। बस चालक का पता लगाया जा रहा है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.