रोहित शर्मा का रिकॉर्ड टूटा! ऑस्ट्रिया के करणबीर सिंह बने T20I में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज

0 19

नई दिल्ली: टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लंबे समय से सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज का रिकॉर्ड अपने नाम रखने वाले भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा अब इस सूची में दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं। ऑस्ट्रिया के कप्तान करणबीर सिंह ने विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर यह बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है।

हंगरी के खिलाफ खेले गए टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में करणबीर सिंह ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 57 गेंदों पर 164 रन ठोक दिए। अपनी इस पारी में उन्होंने 18 चौके और 12 छक्के लगाए। इसी दौरान उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।

सिर्फ 60 मैचों में रचा इतिहास

रोहित शर्मा ने अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 159 मैच खेलते हुए 205 छक्के लगाए थे। वहीं करणबीर सिंह ने महज 60 मैचों में ही इस आंकड़े को पीछे छोड़ दिया। उनके नाम अब 207 छक्के दर्ज हो चुके हैं, जिससे वह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।

करणबीर ने अब तक 59 पारियों में 48.71 की औसत से 2533 रन बनाए हैं। उनके खाते में 4 शतक और 20 अर्धशतक भी दर्ज हैं, जो उनकी निरंतरता और आक्रामक बल्लेबाजी का प्रमाण हैं।

T20I में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज

  1. करणबीर सिंह (ऑस्ट्रिया) – 207 छक्के
  2. रोहित शर्मा (भारत) – 205 छक्के
  3. मुहम्मद वसीम (यूएई) – 196 छक्के
  4. सूर्यकुमार यादव (भारत) – 179 छक्के
  5. जोस बटलर (इंग्लैंड) – 175 छक्के

ऑस्ट्रिया ने भी बनाया बड़ा रिकॉर्ड

हंगरी के खिलाफ उसी मुकाबले में ऑस्ट्रिया ने बल्लेबाजी का जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 322 रन बना दिए। करणबीर सिंह के 164 रन के अलावा अबिदुल्लाह कोटवा ने भी सिर्फ 26 गेंदों पर 93 रन की विस्फोटक पारी खेली।

इस स्कोर के साथ ऑस्ट्रिया टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा टीम स्कोर बनाने वाली टीम बन गई। इस सूची में शीर्ष स्थान पर जिम्बाब्वे है, जिसने वर्ष 2024 में गाम्बिया के खिलाफ 344 रन बनाए थे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.