गौतमबुद्धनगर: वित्तीय वर्ष और शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए अन्य पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं की छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति को लेकर शासन ने समय-सारणी जारी कर दी है। यह व्यवस्था अल्पसंख्यक पिछड़े वर्ग को छोड़कर अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए लागू होगी। योजना के तहत कक्षा 9-10, कक्षा 11-12 और उच्च कक्षाओं में पढ़ने वाले पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, शैक्षणिक भत्ता और शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ मिलेगा।
उच्च कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए 15 सितंबर से आवेदन
दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के तहत उच्च कक्षाओं में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं 15 सितंबर 2026 से 15 अक्टूबर 2026 तक पंजीकरण और ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इसके बाद शिक्षण संस्थानों की ओर से पात्र विद्यार्थियों के ऑनलाइन आवेदन का सत्यापन कर उन्हें अग्रसारित किया जाएगा। संस्थानों को यह प्रक्रिया 15 सितंबर से 25 अक्टूबर 2026 तक पूरी करनी होगी।
कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए पहले से शुरू है प्रक्रिया
पूर्वदशम् छात्रवृत्ति के तहत कक्षा 9 और 10 तथा दशमोत्तर छात्रवृत्ति के तहत कक्षा 11 और 12 के विद्यार्थियों के लिए आवेदन की प्रक्रिया 11 अगस्त 2026 से शुरू की गई थी। इन कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 25 अगस्त 2026 निर्धारित की गई थी। वहीं, शिक्षण संस्थानों और विद्यालयों को पात्र विद्यार्थियों के आवेदन का ऑनलाइन सत्यापन कर 30 अगस्त 2026 तक अग्रसारित करना होगा।
शिक्षण संस्थानों को विद्यार्थियों को जानकारी देने के निर्देश
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी गौतमबुद्धनगर लवेश कुमार सिसौदिया ने बताया कि शासन के निर्देशों के तहत छात्रवृत्ति भुगतान के लिए निर्धारित समय-सारणी जारी की गई है। उन्होंने जिले में संचालित शिक्षण संस्थानों से कहा है कि वे संबंधित योजनाओं में अध्ययनरत पात्र पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति आवेदन की प्रक्रिया और निर्धारित तिथियों के संबंध में अपने स्तर से जानकारी उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
यह समय-सारणी निदेशक, पिछड़ा वर्ग कल्याण, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के 21 जुलाई 2026 के पत्र के क्रम में जारी की गई है। योजना का लाभ अन्य पिछड़ा वर्ग के पात्र विद्यार्थियों को मिलेगा, जिसमें अल्पसंख्यक पिछड़ा वर्ग शामिल नहीं है।